कोटा की हिमालय केमिकल फैक्ट्री में ट्रांसफॉर्मर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। केमिकल ड्रमों तक आग पहुंचने से हालात गंभीर हुए। दमकल की 8 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई, कोई जनहानि नहीं हुई।
Rajasthan: सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे कोटा के रानपुर क्षेत्र में स्थित हिमालय केमिकल फैक्ट्री में अचानक आग लगने की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार फैक्ट्री परिसर में लगे जंबो ट्रांसफॉर्मर में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग भड़क उठी।
आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री परिसर में फैलने लगी। आग की लपटें देखकर फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तुरंत फैक्ट्री प्रबंधन ने अग्निशमन विभाग को इसकी जानकारी दी।
केमिकल ड्रमों तक पहुंची आग
हिमालय केमिकल फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में केमिकल का भंडारण किया जाता है। फैक्ट्री के अंदर हजारों लीटर केमिकल से भरे ड्रम रखे हुए थे। ट्रांसफॉर्मर से उठी आग धीरे-धीरे इन ड्रमों तक पहुंच गई, जिससे स्थिति और ज्यादा गंभीर हो गई।

केमिकल ड्रमों में आग लगने की आशंका से बड़ा हादसा हो सकता था। फैक्ट्री के आसपास अन्य औद्योगिक इकाइयां भी मौजूद हैं, जिससे आग फैलने का खतरा और बढ़ गया था। इसी वजह से दमकल विभाग ने स्थिति को गंभीर मानते हुए तुरंत अतिरिक्त संसाधन मौके पर भेजे।
8 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की कुल 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि आग की तीव्रता को देखते हुए चारों तरफ से फायर फाइटिंग शुरू की गई। आग बुझाने के लिए करीब 150 लीटर से ज्यादा मैकेनिकल फोम का इस्तेमाल किया गया।
साथ ही लगातार पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए रानपुर रीको एरिया स्थित शिव एडिबल फैक्ट्री से दमकल गाड़ियों को बार-बार रिफिल कराया गया।दमकल कर्मियों ने एक से डेढ़ घंटे तक कड़ी मशक्कत कर आग को काबू में किया और उसे अन्य फैक्ट्रियों तक फैलने से रोक लिया।
कोई जनहानि नहीं
इस हादसे में राहत की बात यह रही कि किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगने के समय फैक्ट्री में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि पूरी तरह आग बुझने और स्थिति सामान्य होने के बाद ही फैक्ट्री में हुए नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा।
घटना के दौरान मौके पर फैक्ट्री मालिक, पुलिस प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौजूद रहीं। फिलहाल आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।









