हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में शानदार शुरुआत करने वाली भारतीय टीम आज अपने दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड से भिड़ेगी। भारत ने पहले मैच में वेल्स को 3-1 से हराया था, जबकि इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 4-1 से मात दी।
स्पोर्ट्स न्यूज़: एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम आज अपने अभियान के दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड के सामने होगी। भारत ने टूर्नामेंट की शुरुआत वेल्स के खिलाफ 3-1 की जीत से की है, जबकि इंग्लैंड ने अपने पहले मैच में पाकिस्तान को 4-1 से हराकर शानदार आगाज किया। ऐसे में पूल डी का यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भारत के सामने इस मैच में सिर्फ तीन अंक हासिल करने की चुनौती नहीं होगी, बल्कि उसके पास हॉकी वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ लंबे समय से चले आ रहे जीत के सूखे को खत्म करने का भी मौका है। भारतीय टीम ने वर्ल्ड कप में इंग्लैंड को आखिरी बार 1994 में हराया था। यानी करीब 32 साल से भारत इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में इंग्लैंड के खिलाफ जीत की तलाश में है।
भारत ने वेल्स को हराकर किया था शानदार आगाज
भारतीय टीम ने 2026 हॉकी वर्ल्ड कप के पहले मुकाबले में वेल्स को 3-1 से मात दी थी। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने इस जीत में अहम भूमिका निभाते हुए दो गोल किए, जबकि संजय ने भी टीम के लिए गोल दागा। भारत ने शुरुआत से ही मुकाबले पर पकड़ बनाने की कोशिश की और अंत तक अपनी बढ़त कायम रखी।
इस जीत से भारतीय टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है। हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ चुनौती वेल्स की तुलना में कहीं अधिक कठिन मानी जा रही है। इंग्लैंड ने अपने पहले मुकाबले में चार बार की विश्व चैंपियन पाकिस्तान को 4-1 से हराया, जिससे उसने टूर्नामेंट में अपनी ताकत का स्पष्ट संकेत दे दिया।
इंग्लैंड भी जीत के साथ मैदान में उतरेगा

पूल डी में भारत और इंग्लैंड दोनों ने अपने-अपने शुरुआती मैच जीत लिए हैं। इसलिए दोनों टीमों की नजर लगातार दूसरी जीत पर होगी। पूल चरण के बाद अगले दौर में पहुंचने की दौड़ में यह मुकाबला महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। भारत को इंग्लैंड के मजबूत डिफेंस और आक्रामक खेल से सावधान रहना होगा। वहीं भारतीय टीम के लिए पेनल्टी कॉर्नर और फिनिशिंग काफी अहम रहने वाली है। कप्तान हरमनप्रीत सिंह की ड्रैग-फ्लिक इस मुकाबले में भारत का बड़ा हथियार हो सकती है।
हॉकी वर्ल्ड कप में भारत और इंग्लैंड की पिछली भिड़ंत 2023 में हुई थी। उस मुकाबले में दोनों टीमें गोल नहीं कर सकी थीं और मैच 0-0 से ड्रॉ रहा था। इस बार भारतीय टीम इस नतीजे को जीत में बदलने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। हालांकि वर्ल्ड कप के रिकॉर्ड में इंग्लैंड के खिलाफ भारत का इंतजार लंबा है, लेकिन हाल के वर्षों में दोनों टीमों के बीच मुकाबले काफी प्रतिस्पर्धी रहे हैं। पेरिस ओलंपिक में भारत ने इंग्लैंड को पेनल्टी शूटआउट में हराया था। ऐसे में भारतीय खिलाड़ियों को इस प्रतिद्वंद्विता से आत्मविश्वास भी मिल सकता है।
कब और कहां होगा India vs England मैच?
भारत और इंग्लैंड के बीच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 का यह मुकाबला 17 अगस्त को भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे खेला जाएगा। मुकाबला नीदरलैंड्स के एम्सटेलवीन स्थित वैगनर हॉकी स्टेडियम में होना है। भारत में मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर और लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध होगी।
भारतीय हॉकी टीम के लिए इंग्लैंड के खिलाफ यह मुकाबला कई मायनों में महत्वपूर्ण है। पहली जीत के बाद अगर भारत इंग्लैंड को भी हरा देता है तो पूल डी में उसकी स्थिति मजबूत हो जाएगी और अगले दौर में पहुंचने की संभावनाएं बढ़ेंगी। दूसरी ओर, 32 साल पुराना वर्ल्ड कप रिकॉर्ड भी भारतीय खिलाड़ियों के सामने रहेगा।
भारत का वर्ल्ड कप स्क्वाड
हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), मोहित शशिकूमार (गोलकीपर), सूरज करकेरा, मनप्रीत सिंह, जरमनप्रीत सिंह, अभिषेक, मंदीप सिंह, हार्दिक सिंह, दिलप्रीत सिंह, सुमित वाल्मिकी, नीलकांत शर्मा, आदित्य लालागे, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, विवेक प्रसाद, सुखजीत सिंह, यशदीप सिवाच, संजय राणा, शिलानंद लाकड़ा, राजिंदर सिंह जूनियर











