भारतीय क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। कटक में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी में दम दिखाया और फिर घातक गेंदबाजी के दम पर दक्षिण अफ्रीका को उसके टी20 इतिहास के न्यूनतम स्कोर पर ऑलआउट कर दिया।
स्पोर्ट्स न्यूज़: हार्दिक पांड्या की नाबाद अर्धशतकीय पारी और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने कटक में खेले गए पहले टी20 मैच में दक्षिण अफ्रीका को 101 रनों के बड़े अंतर से हराया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 175 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम महज़ 12.3 ओवर में 74 रन पर ढेर हो गई। इस शानदार जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।
भारत की मजबूत बल्लेबाजी की नींव हार्दिक पांड्या ने रखी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और कोई भी बल्लेबाज बहुत बड़ी पारी नहीं खेल सका। हालांकि, अनुभवी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने एक छोर संभाले रखा और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। हार्दिक पांड्या ने 28 गेंदों पर 6 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 59 रन बनाए। यह उनके करियर की एक अहम वापसी मानी जा रही है, क्योंकि वह एशिया कप के दौरान आई क्वाड्रिसेप्स की चोट के चलते करीब दो महीने से बाहर थे।
हर्दिक के अलावा तिलक वर्मा ने 26 रन, अक्षर पटेल ने 23 रन, अभिषेक शर्मा ने 17 रन, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 12 रन और शिवम दुबे ने 10 रन बनाए। जितेश शर्मा 10 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 175 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से लुंगी एनगिडी ने 3 विकेट झटके, जबकि लुथो सिपाम्ला को 2 और डोनोवान फरेरा को 1 सफलता मिली।

दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी विफल
176 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पावरप्ले के भीतर ही अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए और इसके बाद विकेटों का पतन लगातार जारी रहा। पूरी टीम महज 12.3 ओवर में 74 रन पर ढेर हो गई। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में दक्षिण अफ्रीका का अब तक का सबसे न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले उनका सबसे कम स्कोर 87 रन था, जो उन्होंने 2022 में भारत के खिलाफ ही बनाया था।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से सिर्फ चार बल्लेबाज ही दहाई के आंकड़े तक पहुंच सके। डेवाल्ड ब्रेविस ने सर्वाधिक 22 रन बनाए, जबकि कप्तान एडेन मार्करम और ट्रिस्टन स्टब्स ने 14-14 रन और मार्को यानसेन ने 12 रन का योगदान दिया। शेष बल्लेबाज पूरी तरह विफल रहे और भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके।
भारतीय गेंदबाजों का घातक प्रदर्शन
भारत की इस बड़ी जीत के पीछे गेंदबाजों का सामूहिक और अनुशासित प्रदर्शन सबसे बड़ा कारण रहा। सभी प्रमुख गेंदबाजों को विकेट मिले। अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट चटकाए। वहीं, शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या को एक-एक सफलता मिली। इस मैच में जसप्रीत बुमराह ने एक बड़ी उपलब्धि भी अपने नाम की। उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 विकेट पूरे किए और वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले भारत के दूसरे गेंदबाज बने। इससे पहले यह कारनामा अर्शदीप सिंह ने किया था।
इसके साथ ही बुमराह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में 100 से अधिक विकेट लेने वाले पहले भारतीय तेज गेंदबाज और दुनिया के पांचवें गेंदबाज बन गए हैं। इस सूची में उनसे पहले लसिथ मलिंगा, टिम साउदी, शाकिब अल हसन और शाहीन अफरीदी शामिल हैं।

रिकॉर्ड्स की झड़ी और भारत की तीसरी बड़ी जीत
दक्षिण अफ्रीका को टी20 में यह छठी बार 100 से अधिक रनों से हार का सामना करना पड़ा है, जिसमें से तीन बार उसे भारत के खिलाफ इतनी बड़ी हार मिली है। भारत ने इससे पहले 2024 में दक्षिण अफ्रीका को 135 रनों और 2023 में 106 रनों से हराया था। इसके अलावा, दक्षिण अफ्रीका भारत के खिलाफ टी20 में सबसे कम स्कोर पर ऑलआउट होने वाली चौथी टीम बन गई है। इससे पहले यूएई (57 रन, 2024), न्यूजीलैंड (66 रन, 2023) और आयरलैंड (70 रन, 2018) भारत के खिलाफ बेहद कम स्कोर पर ढेर हो चुकी हैं।











