IND vs SA Test Series: कप्तान शुभमन गिल रचेंगे इतिहास! रिकी पोंटिंग का 19 साल पुराने रिकॉर्ड को कर सकते हैं ध्वस्त

IND vs SA Test Series: कप्तान शुभमन गिल रचेंगे इतिहास! रिकी पोंटिंग का 19 साल पुराने रिकॉर्ड को कर सकते हैं ध्वस्त

भारतीय क्रिकेट टीम 14 नवंबर से घर पर मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने उतरेगी। सीरीज का पहला मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा।

स्पोर्ट्स न्यूज़: भारत और दक्षिण अफ्रीका (IND vs SA) के बीच 14 नवंबर से शुरू हो रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज पर क्रिकेट जगत की नजरें टिकी हुई हैं। इस सीरीज में सबसे ज्यादा चर्चा टीम इंडिया के युवा कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) की हो रही है, जिनके पास बल्ले से शानदार फॉर्म जारी रखते हुए एक बड़ा विश्व रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है।

भारत इस सीरीज की मेजबानी कर रहा है और पहला मुकाबला कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा। गिल के लिए यह सीरीज न सिर्फ उनके करियर के लिहाज से अहम है, बल्कि बतौर कप्तान उनके नेतृत्व की अग्निपरीक्षा भी मानी जा रही है।

कप्तान शुभमन गिल के पास इतिहास रचने का मौका

शुभमन गिल साल 2025 में बेहतरीन फॉर्म में हैं। कप्तानी संभालने के बाद उन्होंने जिस तरह से अपनी बल्लेबाजी को निखारा है, उसने सभी को प्रभावित किया है। इस समय उनके पास टेस्ट क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में से एक रिकी पोंटिंग (Ricky Ponting) का 19 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा अवसर है।

रिकी पोंटिंग ने साल 2006 में ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट कप्तान के रूप में 10 टेस्ट मैचों में 7 शतक लगाए थे — जो आज तक किसी भी कप्तान द्वारा एक कैलेंडर वर्ष में लगाए गए सर्वाधिक शतक हैं। गिल ने अब तक साल 2025 में 7 टेस्ट मैचों की 13 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 5 शतक जड़े हैं। अगर वे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की चार पारियों में तीन और शतक लगाने में सफल होते हैं, तो वे पोंटिंग का यह रिकॉर्ड तोड़कर इतिहास रच देंगे।

विराट कोहली का रिकॉर्ड भी खतरे में

अगर शुभमन गिल इस सीरीज में सिर्फ एक शतक भी जड़ देते हैं, तो वे भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। विराट कोहली ने बतौर कप्तान 2017 और 2018 में एक कैलेंडर वर्ष में 5-5 टेस्ट शतक लगाए थे। वर्तमान में गिल उनके बराबर खड़े हैं, और साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक और शतक लगाने पर वे भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान बल्लेबाज बन जाएंगे।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ शुभमन गिल का पिछला रिकॉर्ड कुछ खास नहीं रहा है। उन्होंने अब तक इस टीम के खिलाफ 2 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें उनका औसत सिर्फ 18.50 का रहा है और वे कुल 74 रन ही बना सके हैं। ये दोनों मुकाबले 2023 के आखिर में हुए दक्षिण अफ्रीका दौरे के थे, जहां भारतीय बल्लेबाजों को तेज गेंदबाजी और बाउंस की वजह से काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था।

हालांकि उसके बाद गिल ने अपनी तकनीक और मानसिकता दोनों में सुधार किया है। 2025 में उनका औसत 78.83 का है और उन्होंने अब तक 946 रन बनाए हैं। इस प्रदर्शन के दम पर वे इस साल के टॉप रन-स्कोरर्स में शामिल हैं।

 

Leave a comment