आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज आज यानी 15 जनवरी, 2026 से हो रहा है। टूर्नामेंट के पहले दिन ही रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें भारत का सामना अमेरिका से होगा।
स्पोर्ट्स न्यूज़: आईसीसी मेंस अंडर-19 वर्ल्ड कप का आगाज आज, 15 जनवरी 2026 से होने जा रहा है। टूर्नामेंट के पहले ही दिन तीन मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच भारत और अमेरिका के बीच होगा, जबकि अन्य दो मैचों में जिम्बाब्वे का सामना स्कॉटलैंड से और वेस्टइंडीज का मुकाबला तंजानिया से होगा।भारतीय टीम की कमान आयुष म्हात्रे संभालेंगे।
वहीं आज सभी की नजरें वैभव सूर्यवंशी पर टिकी रहेंगी, जिन्होंने पिछले 12 महीनों में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से अंडर-19 और सीनियर लेवल क्रिकेट में खूब सुर्खियां बटोरी हैं।
भारत और अमेरिका के बीच पहले मैच का माहौल
भारत की अंडर-19 टीम इस टूर्नामेंट में सीनियर खिलाड़ियों के अनुभव के साथ उतर रही है। कप्तान आयुष म्हात्रे और सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जोड़ी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में सीनियर खिलाड़ियों के साथ खेलने का अनुभव रखती है। इस अनुभव का फायदा टीम को रणनीति और दबाव वाले मुकाबलों में मिलेगा। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3-0 की जीत के बाद भारतीय टीम टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह तैयार है। हालांकि आयुष म्हात्रे चोट के कारण पिछली सीरीज में खेल नहीं पाए थे, लेकिन अब वे पूरी फिटनेस के साथ टीम की कमान संभालने के लिए तैयार हैं।

मुकाबला कहां और कब देख सकते हैं?
आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के सभी मैच स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव टेलीकास्ट किए जाएंगे। वहीं, लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध होगी। भारतीय समयानुसार सभी मैच दोपहर 1 बजे से शुरू होंगे। पहले दिन कुल तीन मुकाबले होंगे:
- भारत vs अमेरिका
- जिम्बाब्वे vs स्कॉटलैंड
- वेस्टइंडीज vs तंजानिया
हालांकि एक ही दिन में तीन मैच होने के कारण कुछ मुकाबले टीवी पर नहीं दिखाए जा सकते, लेकिन सभी मैचों को ऑनलाइन देखा जा सकेगा।
भारत-अमेरिका: टीमों की जानकारी
भारत की अंडर-19 टीम: आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, आरोन जॉर्ज, विहान मल्होत्रा, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), कनिष्क चौहान, खिलन पटेल, दीपेश देवेंद्रन, किशन कुमार सिंह, हेनिल पटेल, उद्धव मोहन, आरएस अम्बरीश, मोहम्मद इनान और हरवंश पंगालिया।
अमेरिका की अंडर-19 टीम: उत्कर्ष श्रीवास्तव (कप्तान), अमरिंदर गिल, साहिल गर्ग, अर्जुन महेश (विकेटकीपर), अदनित झाम्ब, अमोघ अरेपल्ली, नितीश सुदिनी, शिव शनि, अदित कप्पा, साहिर भाटिया, रायान ताज, अद्वैत कृष्णा, सबरीश प्रसाद, ऋत्विक अप्पिडी, ऋषभ शिम्पी।










