भारतीय रेलवे ने विद्युतीकरण (Electrification) के क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया है। अब देश के 99 प्रतिशत से अधिक ब्रॉड-गेज नेटवर्क बिजली पर चल रहे हैं और बाकी हिस्सों का विद्युतीकरण भी जल्द पूरा होने की उम्मीद है।
नई दिल्ली: भारतीय रेलवे अपनी विद्युतीकरण (इलेक्ट्रिफिकेशन) योजना में तेजी से आगे बढ़ रहा है। अब तक देश के 99 प्रतिशत से अधिक ब्रॉड-गेज नेटवर्क को इलेक्ट्रिफाई किया जा चुका है और शेष हिस्सों का विद्युतीकरण भी जल्द पूरा होने की उम्मीद है। यह जानकारी रेल मंत्रालय ने रविवार को दी। मंत्रालय के अनुसार, “पिछले कुछ वर्षों में इस दिशा में काफी तेजी से प्रगति हुई है।
2019 से 2025 के बीच भारतीय रेलवे ने 33,000 किलोमीटर से ज्यादा रेल मार्गों का विद्युतीकरण किया, यानी औसतन हर दिन 15 किलोमीटर से अधिक रेलवे ट्रैक इलेक्ट्रिफाई हुआ।
33,000 किलोमीटर से अधिक ट्रैक का विद्युतीकरण
रेल मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, 2019 से 2025 के बीच भारतीय रेलवे ने 33,000 किलोमीटर से अधिक रेल मार्ग का विद्युतीकरण किया है। इसका मतलब है कि हर दिन औसतन 15 किलोमीटर से ज्यादा रेलवे ट्रैक को इलेक्ट्रिफाई किया गया। यह दूरी लगभग जर्मनी के पूरे रेलवे नेटवर्क के बराबर है, जो भारत की इस महत्वाकांक्षी योजना की गंभीरता और व्यापकता को दर्शाता है।
रेल मंत्रालय ने बताया कि यह उपलब्धि केवल लंबाई में नहीं बल्कि कार्य की गुणवत्ता और तकनीकी उन्नति में भी अहम है। भारत ने अपनी ब्रॉड-गेज प्रणाली के अधिकांश हिस्से को विद्युतीकृत कर डीजल इंजन पर निर्भरता कम कर दी है, जबकि विश्व के कई विकसित देश अभी भी अपने रेलवे नेटवर्क के बड़े हिस्से को डीजल पर चलाते हैं।
![]()
नवीकरणीय ऊर्जा की स्थापना
विद्युतीकरण के कारण डीजल की खपत में कमी आई है और ट्रेन संचालन के दौरान कार्बन उत्सर्जन में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज हुई है। ऑपरेशनल खर्च कम हुआ है और ट्रेन संचालन की कुशलता और गति में सुधार हुआ है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संसद में बताया कि भारतीय रेलवे अब अपनी ट्रैक्शन पावर की जरूरतों को सौर, पवन और अन्य नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों से पूरा करने की योजना बना रहा है। इसका उद्देश्य कार्बन उत्सर्जन को कम करना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।
नवंबर 2025 तक भारतीय रेलवे ने 812 मेगावाट सौर ऊर्जा और 93 मेगावाट पवन ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए हैं। यह संयंत्र रेलवे की ट्रैक्शन पावर की जरूरतों को पूरा कर रहे हैं। इसके अलावा, 1,500 मेगावाट की अतिरिक्त नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता का भी इंतजाम किया गया है, जिसमें सौर, पवन और उन्नत स्टोरेज तकनीक शामिल हैं।
भारतीय रेलवे अब थ्री-फेज IGBT तकनीक आधारित लोकोमोटिव भी विकसित कर रहा है, जो ऊर्जा को रि-जेनरेट कर सकती है। इसका मतलब है कि ट्रेन ब्रेकिंग के दौरान उपयोग की गई ऊर्जा का कुछ हिस्सा वापस ट्रैक्शन सिस्टम में लौटाया जा सकेगा। इससे बिजली की खपत और लागत में और कमी आएगी।रेल मंत्रालय का कहना है कि विद्युतीकरण और नवीकरणीय ऊर्जा के इन उपायों से रेलवे का ऑपरेशन अधिक टिकाऊ, लागत-कुशल और पर्यावरण अनुकूल होगा। इसके साथ ही भारतीय रेलवे विश्व के बड़े और विकसित रेलवे नेटवर्क के बीच अपनी तकनीकी क्षमता और नवाचार के मामले में अग्रणी बन गया है।












