देश की सबसे बड़ी एयरलाइन IndiGo ने दो दिनों से चल रही गंभीर उड़ान बाधाओं के बाद गुरुवार को अपने यात्रियों और उद्योग से जुड़े लोगों से दिल से माफी मांगी है और कहा कि वह जल्द से जल्द अपनी सेवाओं को सामान्य करने पर काम कर रही है।
नई दिल्ली: भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन IndiGo को पिछले दो दिनों में भारी परिचालन गड़बड़ियों का सामना करना पड़ा है। इस दौरान करीब 550 उड़ानें रद करनी पड़ीं, जिससे हजारों यात्रियों को गंभीर असुविधा हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एयरलाइन ने सार्वजनिक रूप से यात्रियों और एविएशन सेक्टर से माफी मांगी है और भरोसा दिलाया है कि सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Airline के अनुसार, वह नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA), नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA), एएआई (AAI), बीसीएएस (BCAS) और विभिन्न एयरपोर्ट ऑपरेटरों के साथ मिलकर हालात सुधारने में जुटी है।
रोजाना 170 से 200 उड़ानें रद
सूत्रों के मुताबिक, IndiGo को सामान्य दिनों में जहां बहुत कम संख्या में उड़ानें रद करनी पड़ती हैं, वहीं बीते दो दिनों में रोजाना 170 से 200 उड़ानें कैंसिल करनी पड़ीं। यह संख्या एयरलाइन के रोजाना के परिचालन की तुलना में बेहद अधिक मानी जा रही है। कई प्रमुख एयरपोर्ट पर यात्रियों ने यह शिकायत भी दर्ज कराई कि उन्हें समय पर सही जानकारी नहीं मिल सकी। कुछ यात्रियों को घंटों तक एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा, जबकि कई को अचानक अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ी। IndiGo ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर जारी बयान में कहा,
'हम अपने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए दिल से क्षमा चाहते हैं। हमारी टीमें MoCA, DGCA, BCAS, AAI और सभी संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर सेवाओं को सामान्य करने के लिए लगातार काम कर रही हैं। हम अपने यात्रियों को उनके फ्लाइट स्टेटस में किसी भी बदलाव की जानकारी लगातार देते रहेंगे।'
एयरलाइन ने यात्रियों से यह भी अपील की है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें। इसके लिए कंपनी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर फ्लाइट स्टेटस चेक करने का लिंक भी साझा किया है।
![]()
IGI एयरपोर्ट पर सबसे ज्यादा असर
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGI) पर गुरुवार को IndiGo की बड़ी संख्या में उड़ानें प्रभावित रहीं। दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, IndiGo की कुल 150 उड़ानें रद की गईं, जिनमें 75 प्रस्थान (डिपार्चर) और 75 आगमन (अराइवल) की उड़ानें शामिल थीं। ये उड़ानें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों मार्गों पर संचालित होनी थीं।
दिल्ली के अलावा मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोलकाता और चेन्नई जैसे बड़े हवाई अड्डों पर भी यात्रियों को उड़ान रद्द होने और देरी की समस्या झेलनी पड़ी। IndiGo भारत की सबसे बड़ी घरेलू एयरलाइन है और इसका नेटवर्क बेहद विस्तृत है।
- एयरलाइन के पास 400 से ज्यादा विमान हैं।
- यह रोजाना लगभग 2,300 उड़ानों का संचालन करती है।
- IndiGo 90 से अधिक घरेलू और 45 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय शहरों को जोड़ती है।
इतने बड़े नेटवर्क के कारण इस तरह की व्यापक रद्दीकरण की स्थिति का असर देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय यात्रियों पर भी पड़ा है। यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब IndiGo को हाल ही में एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिला था। Skytrax World Airline Awards 2025 में IndiGo को ‘Best Airline in India and South Asia’ का खिताब दिया गया था।











