चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2025 की नीलामी से पहले मथीशा पथिराना को रिलीज़ कर सभी को चौंका दिया। पथिराना टीम के लिए मुख्य रूप से डेथ ओवर में बॉलिंग करते थे।
स्पोर्ट्स न्यूज़: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने अपने फैसलों से क्रिकेट फैंस को चौंकाया है। टीम ने पिछले कुछ सीजन से डेथ ओवर्स में अहम भूमिका निभा रहे मथीशा पथिराना को रिलीज कर दिया। इसके बाद नीलामी में भी सीएसके किसी बड़े डेथ ओवर स्पेशलिस्ट को अपने साथ जोड़ने में सफल नहीं हो सकी। लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि टीम को अपने ही स्क्वॉड में पथिराना का सटीक विकल्प मिल गया है।
पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज नाथन एलिस IPL 2026 में सीएसके के लिए डेथ ओवर्स की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।
पथिराना के जाने से सीएसके को लगा झटका
मथीशा पथिराना पिछले कुछ सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए डेथ ओवर्स के सबसे भरोसेमंद गेंदबाज रहे थे। उनकी तेज गति, सटीक यॉर्कर और अनोखे एक्शन ने कई बड़े बल्लेबाजों को परेशानी में डाला। हालांकि, IPL 2026 की नीलामी से पहले सीएसके ने उन्हें रिलीज कर दिया, जिसे लेकर फैंस और विशेषज्ञों में हैरानी देखी गई। फ्रेंचाइजी ने बांग्लादेश के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को खरीदने की कोशिश की, लेकिन बोली में सफलता नहीं मिली।

नाथन एलिस बने डेथ ओवर्स के मजबूत दावेदार
नीलामी में कोई बड़ा नाम न जुड़ पाने के बावजूद सीएसके के पास एक ऐसा गेंदबाज मौजूद है, जो डेथ ओवर्स में बल्लेबाजों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है—नाथन एलिस। पूर्व भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने एलिस की तारीफ करते हुए उन्हें पथिराना का संभावित रिप्लेसमेंट बताया है। अश्विन ने सोशल मीडिया पर बिग बैश लीग (BBL) में एलिस के शानदार प्रदर्शन का जिक्र किया।
नाथन एलिस इस समय बिग बैश लीग में होबार्ट हरिकेंस की ओर से खेल रहे हैं और लगातार प्रभावशाली गेंदबाजी कर रहे हैं। मेलबर्न रेनेगेड्स के खिलाफ एक मुकाबले में उन्होंने 4 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट झटके। सबसे खास बात यह रही कि एलिस ने डेथ ओवर्स में 17वें और 20वें ओवर में गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में 15 रन देकर 2 विकेट लिए। अश्विन ने इसी प्रदर्शन को आधार बनाते हुए कहा कि सीएसके के लिए IPL 2026 में डेथ ओवर्स के दो ओवर एलिस के लिए लगभग तय हैं।










