IPL 2027 Trade: मुंबई इंडियंस छोड़ेंगे हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह से होगी अदला-बदली, BCCI ने दी मंजूरी

IPL 2027 Trade: हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस छोड़कर पंजाब किंग्स में शामिल हुए। अर्शदीप सिंह MI पहुंचे। BCCI की मंजूरी के बाद दोनों खिलाड़ियों की ट्रेड डील

आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच बड़ी ट्रेड डील की खबर सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, हार्दिक पांड्या पंजाब और अर्शदीप सिंह मुंबई जाएंगे। बीसीसीआई से मंजूरी मिलने की बात भी सामने आई है। हालांकि, दोनों फ्रेंचाइजी की आधिकारिक घोषणा बाकी है।

स्पोर्ट्स डेस्क: आईपीएल 2027 शुरू होने से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स अपने दो बड़े खिलाड़ियों की अदला-बदली करने जा रही हैं। मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या के पंजाब जाने और तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के मुंबई में शामिल होने की चर्चा पिछले कई दिनों से चल रही थी। अब इस मामले में नया अपडेट आया है। 

क्रिकबज की 10 नवंबर की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बीसीसीआई ने इस ट्रेड को मंजूरी दे दी है। दोनों फ्रेंचाइजी को भी इसकी सूचना मिलने की बात कही गई है। हालांकि, मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स ने अभी अपने आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर खिलाड़ियों के ट्रांसफर का ऐलान नहीं किया है।

हार्दिक और अर्शदीप की डील पर क्या आया नया अपडेट?

मुंबई और पंजाब के बीच हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह को लेकर करीब एक सप्ताह पहले बातचीत शुरू हुई थी। दोनों टीमें खिलाड़ियों की अदला-बदली के लिए तैयार थीं, लेकिन मामला कुछ जरूरी कागजी कार्रवाई के कारण अटका हुआ था। रिपोर्ट के अनुसार, खिलाड़ियों की सहमति मिलने और दस्तावेजों पर हस्ताक्षर होने के बाद प्रक्रिया आगे बढ़ी। बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर बीसीसीआई की ओर से ट्रेड को हरी झंडी मिली। इसके बाद दोनों फ्रेंचाइजी को फैसले की जानकारी दे दी गई।

अगर सब कुछ रिपोर्ट के मुताबिक रहता है तो हार्दिक अगले सीजन में पंजाब की जर्सी पहनेंगे। वहीं, 2019 से पंजाब किंग्स के लिए खेल रहे अर्शदीप पहली बार किसी दूसरी आईपीएल टीम का हिस्सा बनेंगे।

दोनों खिलाड़ियों को कितने रुपये मिलेंगे?

इस अदला-बदली में हार्दिक और अर्शदीप की आईपीएल फीस नहीं बदलेगी। हार्दिक को मुंबई इंडियंस में 16.35 करोड़ रुपये मिल रहे थे। पंजाब जाने पर भी उनकी रकम इतनी ही रहेगी। दूसरी ओर, अर्शदीप सिंह की फीस 18 करोड़ रुपये है। पंजाब किंग्स ने पिछली मेगा नीलामी में राइट टू मैच यानी RTM कार्ड के जरिए उन्हें अपनी टीम में रखा था। 

अब मुंबई में भी उन्हें 18 करोड़ रुपये ही मिलेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों टीमों के बीच यह सीधी अदला-बदली है। इसमें किसी तीसरे खिलाड़ी को शामिल नहीं किया गया है।

एक हफ्ते तक क्यों रुका रहा मामला?

हार्दिक और अर्शदीप के ट्रेड को लेकर बातचीत आगे बढ़ने के बावजूद इसकी पुष्टि नहीं हो पा रही थी। खबरों के अनुसार, दोनों खिलाड़ियों के साथ बातचीत और जरूरी दस्तावेज पूरे होने में समय लगा। बताया गया कि हार्दिक पांड्या ने भी अपना फैसला लेने के लिए कुछ वक्त मांगा था। इसके बाद उनकी फ्रेंचाइजी के साथ बातचीत हुई और सहमति बनने पर बाकी औपचारिकताएं पूरी की गईं।

आईपीएल में किसी खिलाड़ी को दूसरी टीम में भेजने के लिए दोनों फ्रेंचाइजी की सहमति के साथ खिलाड़ी की मंजूरी भी जरूरी होती है। यही वजह रही कि शुरुआती बातचीत के बाद भी इस डील को तुरंत अंतिम रूप नहीं दिया जा सका।

IPL 2027 Trade: मुंबई इंडियंस छोड़ेंगे हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह से होगी अदला-बदली, BCCI ने दी मंजूरी

पंजाब किंग्स में हार्दिक को मिलेगी कप्तानी?

हार्दिक पांड्या के पंजाब किंग्स में जाने की चर्चा के साथ उनकी कप्तानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। वह मुंबई इंडियंस की कप्तानी कर चुके हैं। इससे पहले उनकी अगुवाई में गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2022 का खिताब जीता था। वहीं, पंजाब किंग्स की कमान श्रेयस अय्यर के पास है। उनकी कप्तानी में टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया है। ऐसे में पंजाब अपने कप्तान को बदलना चाहेगा या हार्दिक को केवल ऑलराउंडर के तौर पर खिलाएगा, यह देखना होगा।

हार्दिक के आने से पंजाब को बल्लेबाजी के साथ तेज गेंदबाजी का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। जरूरत पड़ने पर उनका कप्तानी का अनुभव भी टीम के काम आ सकता है।

मुंबई में बुमराह के साथ खेलेंगे अर्शदीप सिंह

मुंबई इंडियंस के प्रशंसकों के लिए अर्शदीप का आना बड़ी खबर है। टीम में पहले से जसप्रीत बुमराह मौजूद हैं। अब अगर अर्शदीप भी मुंबई के लिए खेलते हैं तो दोनों भारतीय तेज गेंदबाज एक साथ गेंदबाजी करते नजर आ सकते हैं। अर्शदीप बाएं हाथ से गेंदबाजी करते हैं। नई गेंद को स्विंग कराने और आखिरी ओवरों में यॉर्कर डालने की उनकी क्षमता टीम के लिए उपयोगी हो सकती है।

अर्शदीप का पंजाब किंग्स से पुराना रिश्ता रहा है। उन्होंने 2019 में इसी फ्रेंचाइजी के साथ आईपीएल करियर शुरू किया था। पंजाब के लिए लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद उन्हें भारतीय टीम में भी जगह मिली। अर्शदीप के पिता दर्शन सिंह ने भी संभावित ट्रेड पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पंजाब से परिवार के पुराने जुड़ाव का जिक्र किया। साथ ही मुंबई में बुमराह और सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ियों के साथ खेलने की संभावना पर खुशी जताई।

IPL 2027 से पहले कब आएगी आधिकारिक घोषणा?

मुंबई और पंजाब के बीच इस ट्रेड की खबर ऐसे समय आई है, जब सभी फ्रेंचाइजी अगले सीजन के लिए अपनी टीमें तैयार कर रही हैं। खिलाड़ियों को रिटेन करने की आखिरी तारीख 17 नवंबर 2026 है। इसके बाद दिसंबर में मिनी नीलामी होनी है। हार्दिक और अर्शदीप की अदला-बदली से दोनों टीमों का संतुलन बदल सकता है। पंजाब को अनुभवी ऑलराउंडर मिलेगा, जबकि मुंबई की तेज गेंदबाजी मजबूत होने की उम्मीद है।

Leave a comment