अमेरिका में एक नई खुफिया रिपोर्ट सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। रिपोर्ट में आशंका जताई गई है कि ईरान वॉशिंगटन में ट्रंप सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को निशाना बनाने की योजना तैयार कर सकता है। हालांकि, व्हाइट हाउस ने कहा है कि फिलहाल अमेरिका में किसी विश्वसनीय खतरे की जानकारी नहीं है।
वॉशिंगटन: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। अब अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को मिली कुछ जानकारियों ने वॉशिंगटन में चिंता बढ़ा दी है। अमेरिकी न्यूज चैनल ने सात अधिकारियों के हवाले से दावा किया है कि ईरान कथित तौर पर ट्रंप प्रशासन के बड़े अधिकारियों पर हमले के विकल्प तलाश रहा है। रिपोर्ट में डर्टी बम और रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल की आशंका भी जताई गई है।
अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट में क्या सामने आया?
अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया कि खुफिया एजेंसियों को ईरान की संभावित हमले की योजनाओं से जुड़ी जानकारी मिली है। रिपोर्ट के मुताबिक, संभावित निशानों में ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हो सकते हैं। खुफिया जानकारी में वॉशिंगटन के कुछ स्थानों का भी जिक्र है। इसके बाद सुरक्षा अधिकारियों ने एहतियाती तैयारियां शुरू कर दी हैं।
हालांकि, अमेरिकी अधिकारी इस बात पर एकमत नहीं हैं कि ईरान के पास ऐसा हमला करने की क्षमता और संसाधन मौजूद हैं या नहीं। कुछ अधिकारियों का मानना है कि ईरान संभावित जवाबी कार्रवाई के विकल्प तैयार कर रहा है। इसका मतलब यह नहीं है कि उसने हमले का अंतिम फैसला कर लिया है। इस बीच व्हाइट हाउस की प्रवक्ता लॉरेन बिस ने कहा है कि प्रशासन हर संभावित खतरे पर नजर रख रहा है, लेकिन फिलहाल अमेरिकी धरती पर किसी विश्वसनीय खतरे की पुष्टि नहीं हुई है।
डर्टी बम क्या होता है, परमाणु बम से कितना अलग है?
डर्टी बम का नाम सुनकर अक्सर लोग इसे परमाणु बम समझ लेते हैं, लेकिन दोनों में काफी अंतर है। डर्टी बम को रेडियोलॉजिकल डिस्पर्सल डिवाइस (RDD) भी कहा जाता है। इसमें सामान्य विस्फोटक के साथ रेडियोधर्मी पदार्थ होता है। धमाका होने पर यह पदार्थ धूल और छोटे कणों के रूप में आसपास फैल सकता है।
अमेरिका के सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) के मुताबिक, डर्टी बम में परमाणु विस्फोट जैसी ताकत नहीं होती। परमाणु बम में परमाणुओं के विखंडन से भारी मात्रा में ऊर्जा निकलती है, जबकि डर्टी बम में सामान्य विस्फोट होता है। इसका सबसे बड़ा खतरा धमाके से लगने वाली चोटें और आसपास फैलने वाला रेडियोधर्मी पदार्थ है।
अगर रेडियोधर्मी धूल सांस के साथ शरीर में पहुंच जाए या खाने-पीने की चीजों को दूषित कर दे, तो सेहत पर असर पड़ सकता है। हालांकि, नुकसान कितना होगा, यह पदार्थ की मात्रा और उसके संपर्क में आने की स्थिति पर निर्भर करता है।
ईरान ने आरोपों पर क्या जवाब दिया?
अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट सामने आने के बाद ईरान ने रासायनिक हथियारों के संभावित इस्तेमाल से जुड़े आरोपों को गलत बताया है। न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र स्थित ईरान के मिशन ने कहा कि देश किसी भी परिस्थिति में रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल को स्वीकार नहीं करता। ईरानी प्रतिनिधियों ने इन आरोपों को मनगढ़ंत बताते हुए खारिज कर दिया। हालांकि, CNN के अनुसार, मिशन ने डर्टी बम की कथित योजना से जुड़े सवाल पर अलग से स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
दूसरी तरफ अमेरिका के राष्ट्रीय खुफिया निदेशक कार्यालय ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। फिलहाल कोई सार्वजनिक प्रमाण सामने नहीं आया है, जिससे यह साबित हो कि ईरान ने अमेरिका में ऐसा हमला करने का अंतिम निर्णय लिया है।
![]()
अमेरिकी अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर क्या कदम उठाए गए?
ईरान से जुड़े कथित हमले की खुफिया जानकारी मिलने के बाद अमेरिकी सुरक्षा अधिकारियों ने पिछले कुछ दिनों में कई बैठकें की हैं। CNN की रिपोर्ट के अनुसार, इन बैठकों में संभावित खतरे और उससे बचाव की तैयारियों पर बातचीत हुई। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट की सुरक्षा व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। उन्हें जान से मारने की धमकियां मिलने के बाद सीक्रेट सर्विस की सलाह पर वॉशिंगटन स्थित उनके घर से सैन्य परिसर में रहने के लिए भेजा गया। बेसेंट ने भी धमकियों की बात स्वीकार की है।
अमेरिकी एजेंसियां केवल वॉशिंगटन तक सीमित खतरे की जांच नहीं कर रही हैं। मध्य पूर्व में तैनात अमेरिकी सैनिकों और अधिकारियों के खिलाफ रासायनिक हथियारों के संभावित इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी भी जांची जा रही है। वहां मौजूद कर्मचारियों के सुरक्षा उपकरण और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
हालांकि, व्हाइट हाउस का कहना है कि फिलहाल अमेरिका के भीतर किसी विश्वसनीय और तत्काल हमले के खतरे की पुष्टि नहीं हुई है। ईरान भी रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल की योजना बनाने के आरोपों को खारिज कर चुका है।
होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान में तनाव
ईरान से जुड़ी खुफिया रिपोर्ट ऐसे समय सामने आई है, जब अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर विवाद जारी है। यह समुद्री रास्ता दुनिया में तेल और गैस की आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की नौसैनिक नाकेबंदी कर रखी है। दूसरी तरफ होर्मुज में जहाजों की आवाजाही भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। इससे तेल ले जाने वाले जहाजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समुद्री मार्ग पर तनाव बढ़ने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की सप्लाई प्रभावित होने का खतरा भी बना हुआ है।
दोनों देशों के बीच कई दौर की बातचीत और मध्यस्थता की कोशिशों के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। पिछले सप्ताह ट्रंप ने ईरान पर नए हमले फिलहाल रोकने की बात कही थी, लेकिन अमेरिकी नाकेबंदी जारी रखने का फैसला भी बरकरार रखा।










