पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में हुए भीषण बम धमाके ने देश में चल रही श्रीलंका-पाकिस्तान वनडे सीरीज पर संकट खड़ा कर दिया है। विस्फोट में 12 लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने के बाद श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है।
स्पोर्ट्स न्यूज़: पाकिस्तान दौरे पर वनडे सीरीज खेलने गई श्रीलंका क्रिकेट टीम के कुछ खिलाड़ियों ने इस्लामाबाद में हुए घातक बम विस्फोट के बाद सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। सूत्रों के अनुसार, खिलाड़ियों ने श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) बोर्ड से दौरा रद्द करने या टीम को वापस बुलाने का अनुरोध किया है। बताया जा रहा है कि रावलपिंडी, जहां तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जानी है, इस्लामाबाद के नजदीक स्थित है, जिससे खिलाड़ियों की चिंताएं और बढ़ गई हैं। विस्फोट में 12 लोगों की मौत हुई है, जिसके बाद टीम प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं।
श्रीलंका की टीम इस समय पाकिस्तान दौरे पर तीन मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है। इस सीरीज का आयोजन रावलपिंडी में किया जा रहा है, जो इस्लामाबाद के बेहद करीब स्थित है। ऐसे में बम विस्फोट के बाद टीम में डर और असुरक्षा का माहौल पैदा हो गया है। सूत्रों ने बताया कि टीम के कुछ वरिष्ठ खिलाड़ियों ने "पाकिस्तान में खुद को सुरक्षित महसूस न करने" की बात कही है। वे चाहते हैं कि श्रीलंका बोर्ड इस स्थिति का पुनर्मूल्यांकन करे। खिलाड़ियों का मानना है कि मौजूदा सुरक्षा हालात में क्रिकेट खेलना जोखिम भरा हो सकता है।

श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड का रुख
हालांकि श्रीलंका क्रिकेट (SLC) के उच्च अधिकारियों ने संकेत दिया है कि फिलहाल सीरीज रद्द करने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है। बोर्ड चाहता है कि श्रृंखला निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही जारी रहे। एक अधिकारी ने बताया कि “हम पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और सुरक्षा एजेंसियों के लगातार संपर्क में हैं। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि खिलाड़ियों को कोई खतरा न हो।
श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच पहला वनडे मुकाबला मंगलवार को रावलपिंडी में खेला गया था, जिसे मेजबान टीम ने 6 रनों से जीत लिया। दूसरा मैच गुरुवार को इसी मैदान पर निर्धारित है, जबकि तीसरा मुकाबला रविवार को खेला जाना है।
2009 का भयावह हमला अभी भी ताज़ा
श्रीलंकाई टीम की सुरक्षा चिंताएं बेबुनियाद नहीं हैं। साल 2009 में लाहौर में श्रीलंका की टीम पर आतंकी हमला हुआ था, जब वह गद्दाफी स्टेडियम में टेस्ट मैच खेलने जा रही थी। इस हमले में टीम के कई खिलाड़ी, जिनमें महेला जयवर्धने, अजंता मेंडिस और चमिंडा वास शामिल थे, घायल हो गए थे, जबकि कई पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए थे।
इस हमले के बाद पाकिस्तान पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लगभग 10 साल का प्रतिबंध लग गया था। विदेशी टीमों ने सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान का दौरा करने से इनकार कर दिया था।











