छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में प्रेम संबंध के विवाद में एक युवक ने अपनी प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने युवती का सिर कीचड़ में दबाकर जान ले ली। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
Chhattisgarh: नवागढ़ थाना क्षेत्र के बरगांव गांव में 27 जनवरी की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किसान को अपने खेत में एक युवती की अर्धनग्न लाश मिली। मृतका की पहचान पूजा महंत (22) के रूप में हुई। खेत में कीचड़ से सना शव देखकर किसान रामेश्वर साहू ने तुरंत परिजनों को सूचना दी।
परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई गई, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
CCTV फुटेज से खुली हत्या की परतें
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में सुबह करीब 4:38 बजे दो युवक बाइक पर जाते दिखे। कुछ ही मिनट बाद 4:45 बजे पूजा महंत अकेली मोबाइल पर बात करते हुए उसी रास्ते से गुजरती नजर आई।
![]()
जांच में सामने आया कि पूजा महंत रात 12 से 1 बजे के बीच एक स्थानीय कार्यक्रम से घर लौटी थी। उसके पिता ने भी उसे घर पर देखा था। इसके बाद तड़के सुबह उसे एक फोन कॉल आया और वह घर से बाहर निकल गई। यही उसकी आखिरी मुलाकात साबित हुई।
प्रेमी पर शक
पुलिस को जांच के दौरान पूजा के प्रेमी प्रवीण प्रकाश चंद्र (28) पर शक हुआ। उसे कोरिया जिले के पटना इलाके से हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और सबूतों के सामने टूट गया।
आरोपी ने बताया कि उसे शक था कि पूजा किसी और युवक से बात करती थी और उसे समय नहीं देती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में आकर उसने पूजा को खेत में धक्का दिया और उसका सिर कीचड़ में दबा दिया। तड़पते हुए पूजा की मौके पर ही मौत हो गई।
भागने में भाई और दोस्त ने की मदद
एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी को भगाने में उसके भाई लव प्रकाश चंद्र (32) और दोस्त केशव चंद्र (34) ने मदद की। दोनों ने प्रवीण को शिवरीनारायण बस स्टैंड तक पहुंचाया और वहां से बाहर भेज दिया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी नवागढ़ थाना क्षेत्र के बरगांव गांव के निवासी हैं। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।











