उत्तर प्रदेश के जौनपुर में पति की हत्या के अगले दिन पत्नी ने जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए अंबेडकरनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना के एक दिन पहले सोमवार शाम महिला के पति दिलीप चौहान की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी। इस हमले में दिलीप के साथ मौजूद उनका दोस्त अनिल कुमार सिंह उर्फ सोनू भी गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने हत्या के मामले में पांच नामजद और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मामला जौनपुर जिले के सरपतहा थाना क्षेत्र के बाधगांव निवासी दिलीप चौहान से जुड़ा है। सोमवार शाम दिलीप अपने दोस्त अनिल कुमार सिंह उर्फ सोनू के साथ अखंडनगर थाना क्षेत्र के सबैली गांव के पास गए थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने दोनों को घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले शराब की बोतलें तोड़कर हमला किया और फिर चाकू से दोनों पर कई वार किए। अचानक हुए हमले में दिलीप और अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए।
हमले के बाद दिलीप की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अनिल को गंभीर हालत में अखंडनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की।
इस घटना के अगले दिन मंगलवार सुबह दिलीप की पत्नी अनीता ने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों को जब इसकी जानकारी मिली तो वे उसे तत्काल अखंडनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया लेकिन उसकी हालत गंभीर देखते हुए अंबेडकरनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल महिला का इलाज चल रहा है।
दिलीप की हत्या के मामले में उनके पिता नरेंद्र बहादुर चौहान ने पुलिस को तहरीर दी है। शिकायत के आधार पर पांच नामजद और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद आरोपियों में शिवम चौहान, एक अन्य शिवम, आरोप, शुभम और अवनीश के नाम शामिल हैं। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
मामले की विवेचना निरीक्षक धीरेंद्र कुमार वर्मा कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घायल अनीता को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। दिलीप के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और हमले में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। फिलहाल पत्नी के जहरीला पदार्थ खाने के कारणों को लेकर भी कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।












