आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने जोधपुर में लोगों की बदलती आदतों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नशा सिर्फ शराब या ड्रग्स से नहीं होता। फेसबुक, इंस्टाग्राम और मशहूर होने की चाहत भी इंसान को अपनी आदतों का गुलाम बना सकती है।
जोधपुर: आजकल मोबाइल हाथ में आते ही लोग फेसबुक और इंस्टाग्राम खोल लेते हैं। कोई अपनी फोटो डालता है तो कोई बार-बार उसे देखने लगता है। इसी आदत को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने लोगों को आगाह किया है। रविवार, 15 नवंबर को राजस्थान के जोधपुर में आयोजित 'मरु निनाद-2026' कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि नशे का मतलब केवल शराब या नशीले पदार्थ नहीं है।
इंसान किसी भी चीज का इतना आदी हो सकता है कि उसके बिना रहना मुश्किल लगने लगे। उन्होंने सोशल मीडिया के साथ प्रसिद्धि पाने की चाहत को भी इसी तरह की आदतों से जोड़कर देखा।
फेसबुक और इंस्टाग्राम की लत पर क्या बोले मोहन भागवत?
जोधपुर के शिकारपुरा स्थित श्री राजाराम आश्रम में रविवार को मरु निनाद कार्यक्रम का समापन हुआ। इस मौके पर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने लोगों की रोजमर्रा की आदतों पर बात की। उन्होंने कहा कि नशा सिर्फ शराब पीने या ड्रग्स लेने से ही नहीं होता। कई बार ऐसी चीजों की भी लत लग जाती है, जिन्हें लोग सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं।
भागवत ने चाय और कॉफी का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि जिस तरह किसी को बार-बार चाय पीने की आदत पड़ जाती है, उसी तरह आजकल लोग फेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी जरूरत से ज्यादा समय बिताने लगे हैं। उन्होंने खास तौर पर उन लोगों का जिक्र किया, जो बार-बार अपनी तस्वीरें खिंचवाते हैं और उन्हें सोशल मीडिया पर डालते रहते हैं। कुछ लोग अपनी तस्वीरों और लोकप्रियता को लेकर इतने उत्साहित हो जाते हैं कि उनका ज्यादातर ध्यान इसी पर लगा रहता है।
भागवत का कहना था कि प्रसिद्ध होने की इच्छा भी धीरे-धीरे एक आदत बन सकती है। जब इंसान किसी एक चीज में जरूरत से ज्यादा उलझ जाता है तो आसपास क्या हो रहा है, इस पर उसका ध्यान कम होने लगता है। उन्होंने लोगों को अपनी आदतों पर ध्यान देने और दूसरों की परेशानियों को समझने की सलाह दी।
जाति और भाषा को लेकर भी कही बड़ी बात
![]()
अपने संबोधन में मोहन भागवत ने जाति, भाषा और क्षेत्र के नाम पर समाज में पैदा होने वाली दूरियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अपनी पहचान से लगाव होना अलग बात है, लेकिन उसी पहचान के कारण दूसरों को अपने से अलग समझना ठीक नहीं है। उन्होंने बताया कि भारत में हर कुछ दूरी पर लोगों की भाषा, खानपान और रहन-सहन बदल जाता है। इसके बावजूद लोग एक-दूसरे के साथ रहते आए हैं। उन्होंने इसी मेलजोल को बनाए रखने पर जोर दिया।
भागवत ने कहा कि अगर लोग केवल अपनी जाति, भाषा या क्षेत्र तक सीमित होकर सोचेंगे तो आपसी रिश्तों में दूरियां बढ़ सकती हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों से कहा कि समाज में किसी को परेशानी हो तो उसकी मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने आपसी मतभेदों को पीछे रखकर साथ काम करने की बात भी कही। उनके अनुसार, समाज के लोगों में सहयोग की भावना रहेगी, तभी मुश्किल समय में वे एक-दूसरे के काम आ सकेंगे।
अंग्रेजों की शिक्षा व्यवस्था पर भी बोले संघ प्रमुख
मरु निनाद कार्यक्रम में मोहन भागवत ने अंग्रेजों के शासनकाल और उस समय की शिक्षा व्यवस्था पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश शासन के दौरान भारत की पुरानी शिक्षा पद्धति में बड़े बदलाव किए गए थे। भागवत ने दावा किया कि अंग्रेजों ने अपनी शिक्षा प्रणाली लागू की, जिससे भारतीय समाज की परंपरागत शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि पहले की शिक्षा में पढ़ाई के साथ समाज और दूसरों के प्रति जिम्मेदारी निभाने की सीख भी दी जाती थी।
इस दौरान उन्होंने लोगों से जरूरतमंदों की सहायता करने की अपील की। भागवत ने कहा कि व्यक्ति अपनी कमाई और उपलब्ध संसाधनों का कुछ हिस्सा दूसरों के काम में भी लगा सकता है। उनका कहना था कि समाज की मदद करने के लिए बहुत ज्यादा पैसा होना जरूरी नहीं है। कोई अपना समय दे सकता है तो कोई अपनी क्षमता के अनुसार आर्थिक सहयोग कर सकता है। छोटे स्तर पर किया गया काम भी किसी जरूरतमंद के लिए काफी मददगार हो सकता है।
जोधपुर में चार दिन चला मरु निनाद कार्यक्रम
आरएसएस के जोधपुर प्रांत की ओर से आयोजित मरु निनाद-2026 कार्यक्रम 12 नवंबर को शुरू हुआ था। चार दिन तक चले इस आयोजन का समापन 15 नवंबर को हुआ। कार्यक्रम में पांच हजार से अधिक स्वयंसेवकों के शामिल होने की जानकारी दी गई। इस दौरान संघ की घोष परंपरा से जुड़ी कई प्रस्तुतियां हुईं। स्वयंसेवकों ने अलग-अलग वाद्ययंत्रों के साथ सामूहिक संगीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में अभ्यास के साथ अनुशासन और आपसी तालमेल पर भी ध्यान दिया गया।
समापन समारोह में मोहन भागवत ने महाभारत के पांडवों और कौरवों का उदाहरण देकर एकता की बात समझाई। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन में उसके सदस्यों के बीच आपसी विश्वास और सहयोग होना जरूरी है।











