झुंझुनूं हमला केस में बड़ी सफलता, इनामी बदमाश विजय उर्फ मिंटू गिरफ्तार

झुंझुनूं में मैरिज गार्डन संचालक पर जानलेवा हमले के मामले में इनामी बदमाश विजय उर्फ मिंटू गिरफ्तार। गंभीर घायल का जयपुर में इलाज, अन्य आरोपी फरार।

विजय उर्फ मिंटू और आकाश गुप्ता पर पुलिस ने इनाम घोषित किया था। तलाशी अभियान चलाकर विजय को गिरफ्तार किया गया। हमले में गार्डन संचालक और बचाव में आए युवक गंभीर रूप से घायल, जयपुर में इलाज जारी, अन्य आरोपियों की तलाश जारी हैं 

Jhunjhunu: झुंझुनूं के सिंघाना थाने की पुलिस ने विजय उर्फ मिंटू (23) को गिरफ्तार किया। वह ईश्कपुरा का निवासी है और लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए इलाका थाना, खेतड़ी नगर, खेतड़ी, गुढ़ा, उदयपुरवाटी और चिड़ावा सहित कई संभावित स्थानों पर दबिश दी। लगातार कोशिशों के बाद पुलिस को आरोपी की लोकेशन की सूचना मिली और उसे ईश्कपुरा की पहाड़ियों से गिरफ्तार किया गया।

सिंघाना थानाधिकारी सुगन सिंह ने बताया कि इस मामले में विजय उर्फ मिंटू और आकाश गुप्ता दोनों पर इनाम घोषित किया गया था। पुलिस लगातार दोनों फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी।

30 नवंबर की रात का जानलेवा हमला

30 नवंबर 2025 की रात लगभग डेढ़ से दो बजे के बीच यह घटना हुई। परिवादी संजीव सैनी ने रिपोर्ट में बताया कि वे कृष्णा मैरिज गार्डन का गेट बंद कर रहे थे। तभी आकाश अग्रवाल, बिरजू मावर, मोहन गुर्जर और 5-6 अन्य लोग लाठी और सरिया लेकर गार्डन में घुस आए।

हमलावरों ने गार्डन संचालक महेंद्र सिंह सैनी, जो संजीव के ताऊजी हैं, पर जानलेवा हमला किया। हमले में उनके सिर, हाथ, पैर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं।

बीच-बचाव करने वाले युवक प्रदीप पुत्र बेलम सिंह, पौड़ी गढ़वाल (उत्तराखंड) निवासी, को भी सिर, हाथ और पैरों में चोटें लगीं। दोनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

गंभीर घायल का जयपुर में इलाज

हमले में गंभीर रूप से घायल महेंद्र सिंह सैनी को बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया। उनका उपचार अभी जारी है। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी मचा दी और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी।

पुलिस की कार्रवाई 

पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। सिंघाना पुलिस लगातार दबिश और जांच कर रही है ताकि सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। साथ ही, पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि इस प्रकार की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Leave a comment