JioBlackRock ने चार नए म्युचुअल फंड लॉन्च किए हैं, जिनमें सेक्टोरल रोटेशन, लो और शॉर्ट ड्यूरेशन डेट फंड और आर्बिट्राज फंड शामिल हैं। मिनिमम निवेश ₹500 से शुरू, SIP विकल्प के साथ निवेशक आसानी से इन फंड्स में निवेश कर सकते हैं।
New Funds: मुकेश अंबानी की JioBlackRock म्युचुअल फंड कंपनी चार नए एक्टिव फंड लॉन्च करने की तैयारी में है। कंपनी को SEBI से मंजूरी मिल चुकी है और ये फंड अलग-अलग कैटेगरी और इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजी को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं। नए फंड में दो डेट फंड, एक सेक्टोरल रोटेशन फंड और एक आर्बिट्राज फंड शामिल हैं। इन फंड्स का उद्देश्य निवेशकों को शॉर्ट और लॉन्ग टर्म दोनों प्रकार का लाभ देना है।
मिनिमम निवेश और SIP ऑप्शन
इन चार फंड्स में निवेश शुरू करने के लिए मिनिमम राशि केवल 500 रुपये है। लंपसम निवेश के साथ-साथ SIP के जरिए भी निवेश किया जा सकता है। SIP में निवेश के लिए न्यूनतम राशि 500 रुपये होगी और इसके बाद 1 रुपये के मल्टीपल में निवेश किया जा सकेगा। इसका मतलब है कि निवेशक अपनी जरूरत और क्षमता के अनुसार आसानी से इन फंड्स में निवेश कर सकते हैं।
JioBlackRock सेक्टर रोटेशन फंड
सेक्टर रोटेशन फंड एक ओपन-एंडेड इक्विटी स्कीम है, जो सेक्टर रोटेशन थीम पर आधारित होगी। इसका उद्देश्य लॉन्ग टर्म में कैपिटल ग्रोथ देना है। फंड कुल एसेट का 80-100% हिस्सा सेक्टर रोटेशन थीम के आधार पर इक्विटी और संबंधित इंस्ट्रूमेंट में लगाएगा। 0-20% हिस्सा अन्य इक्विटी और 0-20% डेट व मनी मार्केट इंस्ट्रूमेंट में निवेश किया जाएगा। फंड का प्रदर्शन Nifty 500 TRI के मुकाबले आंका जाएगा और इसे तन्वी कचेरिया और साहिल चौधरी मैनेज करेंगे। यह फंड उन निवेशकों के लिए उपयुक्त है जो लॉन्ग टर्म निवेश कर कैपिटल ग्रोथ हासिल करना चाहते हैं।
JioBlackRock लो और शॉर्ट ड्यूरेशन फंड
डेट कैटेगरी में दो नए फंड पेश किए जा रहे हैं। लो ड्यूरेशन फंड का मैकाले ड्यूरेशन 6 महीने से 12 महीने के बीच रहेगा और इसका बेंचमार्क Nifty Low Duration Debt Index A-I होगा। शॉर्ट ड्यूरेशन फंड का मैकाले ड्यूरेशन 1 से 3 साल के बीच होगा और इसका बेंचमार्क Nifty Short Duration Debt Index A-II होगा। दोनों फंड कुल एसेट का 0-100% हिस्सा डेट और मनी मार्केट इंस्ट्रूमेंट में निवेश करेंगे। फंड को अरुण रामचंद्रन, विक्रांत मेहता और सिद्धार्थ देब मैनेज करेंगे। ये फंड निवेशकों को रेगुलर इनकम का विकल्प देते हैं और शॉर्ट टर्म निवेश के लिए उपयुक्त हैं।
JioBlackRock आर्बिट्राज फंड
आर्बिट्राज फंड मुख्य रूप से इक्विटी बाजार के कैश और डेरिवेटिव सेगमेंट में उपलब्ध आर्बिट्राज अवसरों में निवेश करेगा। फंड कुल एसेट का 65-100% हिस्सा इक्विटी और इक्विटी संबंधित इंस्ट्रूमेंट में और 0-35% हिस्सा डेट व मनी मार्केट इंस्ट्रूमेंट में निवेश करेगा। इसमें डेरिवेटिव लेनदेन के लिए मार्जिन मनी भी शामिल होगी। इसका प्रदर्शन Nifty 50 Arbitrage TRI के मुकाबले मापा जाएगा और इसे आनंद शाह, हरेश मेहता, सिद्धार्थ देब और अरुण रामचंद्रन मैनेज करेंगे। यह फंड उन निवेशकों के लिए उपयुक्त है, जो शॉर्ट टर्म में नियमित इनकम और आर्बिट्राज अवसरों से लाभ चाहते हैं।









