Columbus

जयपुर: अस्पताल में BJP कार्यकर्ताओं का बिस्किट वितरण वीडियो वायरल, सोशल मीडिया पर मची हलचल

जयपुर: अस्पताल में BJP कार्यकर्ताओं का बिस्किट वितरण वीडियो वायरल, सोशल मीडिया पर मची हलचल

जयपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं का अस्पताल में बिस्किट वितरण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। फोटो खिंचवाने के बाद मरीज से बिस्किट वापस लेने पर लोग नाराज, वीडियो पर तंज और कमेंट्स का सिलसिला जारी।

जयपुर: राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ एंड साइंसेज अस्पताल में भाजपा कार्यकर्ताओं का बिस्किट वितरण कार्यक्रम सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। वीडियो में मंडल उपाध्यक्ष विनीता अजमेरा मरीज के हाथ में बिस्किट पकड़वा कर फोटो खिंचवाती हैं और तुरंत पैकेट वापस ले लिया जाता है। यह घटना मरीजों के लिए आयोजित सेवा पखवाड़े के दौरान हुई थी। वायरल वीडियो में कार्यकर्ताओं की यह हरकत 'फोटोजीवी' कमेंट्स और नाराजगी का कारण बनी है, जिससे पार्टी की फजीहत मानी जा रही है।

फोटो खिंचवाने के लिए बिस्किट पकड़ा 

वीडियो 23 सितंबर का बताया जा रहा है। श्योपुर मंडल अध्यक्ष गोपाल सैनी के नेतृत्व में भाजपा के कई कार्यकर्ता मरीजों को फल और बिस्किट वितरित करते नजर आए। मंडल उपाध्यक्ष विनीता अजमेरा ने एक महिला मरीज के हाथ में बिस्किट का पैकेट पकड़ा कर फोटो खिंचवाई और फोटो क्लिक होते ही वह पैकेट वापस ले लिया। हालांकि महिला मरीज को पहले ही बिस्किट मिल चुका था। सोशल मीडिया पर यह दृश्य वायरल होते ही लोगों ने इसे आलोचना का विषय बना दिया।

सोशल मीडिया पर भाजपा कार्यकर्ताओं की आलोचना

जयपुर नगर निगम ग्रेटर के वार्ड नंबर 103 सांगानेर विधानसभा क्षेत्र में यह घटना हुई। इस क्षेत्र से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी आते हैं। वीडियो वायरल होने के बाद लोग सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने इसे ‘फोटोजीवी’ करार दिया तो कुछ लोगों ने कहा कि कैंसर जैसे गंभीर रोग से जूझ रहे मरीजों का फोटो खिंचवाने के लिए इस्तेमाल करना गलत है। कई लोगों ने भाजपा कार्यकर्ताओं की इस हरकत को पार्टी के लिए फजीहत बताया।

सेवा पखवाड़े के तहत हुआ कार्यक्रम

वीडियो में दिख रही घटना भाजपा के सेवा पखवाड़े के दौरान हुई थी। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पीएम मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में भाजपा ने सेवा पखवाड़ा मनाया।

इस दौरान श्योपुर मंडल अध्यक्ष गोपाल लाल सैनी, पार्षद प्रत्याशी जगदीश पटेल और शंकरलाल शर्मा, कार्यक्रम संयोजक गौरी शंकर सैनी, सह संयोजक सुनील अन्ना और अन्य पदाधिकारी RUHS में मरीजों को फल और बिस्किट वितरित कर रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद यह कार्यक्रम फजीहत का कारण बन गया।

Leave a comment