माचेड़ा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापा मारकर 43,421 लीटर मिलावटी घी सीज किया। भोग विनायक, हरियाणा क्रीम और नक्ष डेयरी ब्रांड के घी के सैंपल लिए गए हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
Jaipur: खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने बताया कि कुछ समय पहले प्रतापगढ़ जिले में भोग विनायक ब्रांड के घी की जांच रिपोर्ट अनसेफ पाई गई थी। रिपोर्ट में घी गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं उतरा था। इसी आधार पर फूड एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट की सेंट्रल टीम को संबंधित फर्म के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। गुरुवार को टीम जयपुर के माचेड़ा स्थित श्याम विहार कॉलोनी पहुंची, जहां गिरधर मिल्क फूड प्रोडक्ट नाम की फर्म का ऑथोराइज्ड पता दर्ज था।
ऑथोराइज्ड पते पर मिली दूसरी फर्म
जब टीम मौके पर पहुंची तो वहां गिरधर मिल्क फूड प्रोडक्ट नाम की कोई फर्म नहीं मिली। उसकी जगह श्री श्याम मिल्क फूड प्रोडक्ट नाम की दूसरी कंपनी संचालित पाई गई। जांच में सामने आया कि गिरधर मिल्क फूड प्रोडक्ट अपना कारोबार चोरी-छिपे किसी अन्य स्थान से चला रही थी।
![]()
दोनों फर्म आपस में जुड़ी हुई थीं और मिलकर अलग-अलग नामों से घी पैक कर बाजार में सप्लाई कर रही थीं। इस खुलासे के बाद टीम ने गोदामों की गहन तलाशी शुरू की।
तीन ब्रांड के घी का बड़ा स्टॉक बरामद
तलाशी के दौरान टीम को गोदाम में भारी मात्रा में घी मिला। भोग विनायक ब्रांड का 9,065 लीटर घी अलग-अलग पैकिंग में पाया गया। इसके अलावा हरियाणा क्रीम ब्रांड का 17,741 लीटर और नक्ष डेयरी ब्रांड का 16,617 लीटर घी भी बरामद किया गया। कुल मिलाकर 43,421 लीटर घी मौके पर मौजूद था। टीम ने तीनों ब्रांड के घी के नमूने जांच के लिए लिए और पूरे स्टॉक को सीज कर दिया।
अगले आदेश तक बिक्री पर रोक
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सीज किए गए घी की बिक्री पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। अधिकारियों का कहना है कि लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि घी मानकों पर खरा नहीं उतरता है, तो संबंधित फर्मों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विभाग का कहना है कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।











