जयपुर में रहस्यमय गुमशुदगी, दो जापानी पर्यटक अचानक लापता

जयपुर के अशोक नगर इलाके से दो जापानी पर्यटक रेस्टोरेंट से निकलने के बाद लापता हो गए। उनका बैग टैक्सी में मिला, पुलिस CCTV से जांच कर रही है।

जयपुर में दो जापानी पर्यटक रेस्टोरेंट से गायब हो गए। उनका बैग टैक्सी में मिला। पुलिस CCTV और अन्य सुरागों के आधार पर उनकी तलाश कर रही है। यात्रियों की सुरक्षा और उनके सही स्थान का पता लगाना प्राथमिकता है।

Rajasthan: जयपुर के अशोक नगर इलाके में एक अजीब घटना सामने आई है। दो जापानी पर्यटक, हिबिक्की शिब्बा और युमा, जिन्हें दिल्ली से जयपुर घूमने लाया गया था, अचानक रेस्टोरेंट से गायब हो गए। दोनों पर्यटक 6 फरवरी को दिल्ली पहुंचे थे और उनके पास वीजा पर भारत आने की अनुमति थी।

टैक्सी ड्राइवर पिकेंद्र कुमार, जो उत्तर प्रदेश का रहने वाला है, ने बताया कि 7 फरवरी को उसने दोनों पर्यटकों को दिल्ली से लेकर ब्रह्मपुरी स्थित होटल में छोड़ा। उसी रात पर्यटकों ने कहा कि वे अशोक नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने जाएंगे। ड्राइवर ने उन्हें वहीं छोड़ दिया और अगले दिन सुबह तक उनके लौटने का इंतजार किया।

टैक्सी में बैग 

पर्यटक वापिस नहीं लौटे, लेकिन उनका सामान टैक्सी में ही पाया गया। इसके बाद पिकेंद्र कुमार ने अशोक नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। SHO मोतीलाल ने बताया कि पुलिस ने दोनों पर्यटकों के बैग अपने कब्जे में ले लिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने आसपास लगे CCTV फुटेज की भी जांच की। फुटेज में दिखा कि दोनों पर्यटक रेस्टोरेंट में लगभग पांच मिनट के लिए ही रहे और फिर पैदल बाहर निकल गए। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि दोनों कहाँ गए।

आगे की यात्रा 

जानकारी के अनुसार, दोनों पर्यटक जयपुर में दो रात रुकने वाले थे। इसके बाद उनका प्लान था कि रणथंभौर और आगरा घूमकर वापस दिल्ली लौटेंगे। अब पुलिस पूरे शहर में उनके ठिकानों और संभावित रास्तों की जांच कर रही है। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी ने इन दोनों को कहीं देखा हो या किसी तरह की जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

पुलिस उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और जल्द से जल्द उन्हें ढूंढने की कोशिश कर रही है। हालांकि अभी तक किसी तरह की आपराधिक गतिविधि का पता नहीं चला है। पुलिस विभिन्न सुरागों, जैसे होटल के रिकॉर्ड, टैक्सी रूट और आस-पास के CCTV फुटेज को एकत्र कर रही है ताकि यह समझा जा सके कि दोनों पर्यटक अचानक क्यों गायब हुए।

Leave a comment