जयपुर में यूथ कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश में पुलिस से तीखी झड़प

जयपुर में यूथ कांग्रेस ने एसआईआर प्रक्रिया और फसल मुआवजा को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस के साथ झड़प में कई कार्यकर्ता हिरासत में।

राजधानी में गुरुवार को यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसआईआर प्रक्रिया, फसल मुआवजा और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में शहीद स्मारक पर भारी भीड़ जुटी, जहां कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों पर कड़ा असंतोष जताया।

जयपुर। गुरुवार को राजधानी में यूथ कांग्रेस ने एसआईआर प्रक्रिया, अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों के मुआवजे और प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा प्रदर्शन किया। शहीद स्मारक पर राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता जुटे और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पहले ही अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया था। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया अव्यवस्थित तरीके से लागू की जा रही है, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही है। 

साथ ही, किसानों को अब तक उचित मुआवजा नहीं मिलने और कानून-व्यवस्था बिगड़ने पर उन्होंने सरकार को कटघरे में खड़ा किया। प्रदर्शन के दौरान सरकार से तुरंत कार्रवाई और जवाबदेही तय करने की मांग जोर पकड़ी। यूथ कांग्रेस का कहना है कि यदि इन मुद्दों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

पुलिस कार्रवाई तेज हुई

भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस ने बैरिकेड लगाए, लेकिन प्रदर्शनकारी सीएम हाउस की ओर कूच पर अडिग रहे। बैरिकेड पार करने की कोशिश में स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई और पुलिस व कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने वाटर कैनन का उपयोग किया, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई कार्यकर्ताओं को मौके से हिरासत में लिया गया।

सरकार पर दमन के आरोप

यूथ कांग्रेस नेताओं ने पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक आवाज दबाने का प्रयास बताया। नेताओं का कहना है कि जनता की समस्याओं पर समाधान देने की बजाय सरकार विरोध को कुचलने में जुटी है। कांग्रेस नेता अभिमन्यु पूनिया ने फसल मुआवजा, एसआईआर प्रक्रिया और कानून-व्यवस्था पर सरकार को कठघरे में खड़ा किया। राज्य प्रभारी विकास चीकाड़ा, सह प्रभारी ज्ञानेश शुक्ला और कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी इस विरोध में मौजूद रहे।

Leave a comment