गाजियाबाद में K-Pop और कोरियन कल्चर के प्रति अत्यधिक जुनून के चलते तीन नाबालिग बहनों ने आत्महत्या कर ली। डायरी से पहचान संकट और मानसिक तनाव के संकेत मिले हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
Uttar Pradesh: दिल्ली से सटे गाजियाबाद के भारत सिटी सोसाइटी में रहने वाली तीन सगी बहनें - 16 साल की निशिका, 14 साल की प्राची और 12 साल की पाखी - कोरियन कल्चर से गहराई से प्रभावित थीं। पुलिस जांच में सामने आया कि वे K-Drama, K-Pop और कोरियन जीवनशैली को सिर्फ पसंद ही नहीं करती थीं, बल्कि खुद को मानसिक रूप से कोरियन मानने लगी थीं। उनके कमरे की दीवारों पर कोरियन कलाकारों के पोस्टर लगे थे और वे ज़्यादातर समय मोबाइल पर कोरियन कंटेंट ही देखा करती थीं।
परिवार वालों के अनुसार, तीनों बहनें धीरे-धीरे अपने आसपास की दुनिया से कटती जा रही थीं। वे भारतीय संस्कृति और पहचान से असहज महसूस करने लगी थीं और घर में यह बात बार-बार कहती थीं कि वे भविष्य में कोरियन लड़कों से ही शादी करेंगी और कोरिया जाकर बसेंगी।
सुसाइड नोट से हुआ खुलासा
घटना के बाद पुलिस को मौके से एक 8 पन्नों की डायरी मिली, जिसने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया। डायरी में अंग्रेज़ी और हिंदी में लिखी गई कई बातें यह दिखाती हैं कि तीनों बहनें पहचान के गहरे संकट से गुजर रही थीं। एक पंक्ति में लिखा था - 'You are Indian, I am Korean'।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह साफ संकेत है कि किशोरियाँ अपनी असली पहचान को स्वीकार नहीं कर पा रही थीं। जांच में यह भी सामने आया कि घटना से पहले पिता ने मोबाइल फोन इस्तेमाल को लेकर उन्हें डांटा था और मोबाइल छीन लिया था। इसी बात को लेकर घर में तनाव हुआ था। माना जा रहा है कि मोबाइल से दूरी और अपनी कल्पनाओं की दुनिया टूटने से वे मानसिक रूप से और अस्थिर हो गईं।
रात में लिया गया खौफनाक फैसला
मंगलवार देर रात, जब पूरा परिवार सो रहा था, तीनों बहनों ने अपने कमरे का दरवाज़ा अंदर से बंद कर लिया। पुलिस के अनुसार, उन्होंने बालकनी में स्टूल रखा और एक-एक कर 9वीं मंज़िल से छलांग लगा दी। पड़ोसियों ने पहले किसी भारी चीज़ के गिरने की आवाज़ सुनी, लेकिन जब बाहर आकर देखा तो नीचे का दृश्य बेहद भयावह था।
तीनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह घटना पूरे सोसाइटी और इलाके में शोक और सन्नाटे का कारण बन गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मानसिक स्वास्थ्य, सोशल मीडिया के प्रभाव और बच्चों पर डिजिटल कंटेंट के असर को लेकर भी जांच की जा रही है।











