उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक सनसनीखेज हिट-एंड-रन का मामला सामने आया है, जहां एक युवक को कार से टक्कर मारकर करीब 50 मीटर तक बोनट पर घसीटने का आरोप लगा है। इस घटना में घायल युवक को गंभीर चोटें आई हैं और उसका पैर टूट गया है। फिलहाल उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
कानपूर: यूपी के चकेरी थाना क्षेत्र में रिटायर्ड दरोगा के बेटे की लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। 4 अप्रैल को सजारी इलाके में नशे की हालत में कार चला रहे युवक ने एक फास्ट फूड दुकानदार को टक्कर मार दी और उसे कार के बोनट पर फंसाक घसीटता ले गया।
घायल दुकानदार की पहचान ध्रुमित पांडेय के रूप में हुई है। उनके भाई मनीष पांडेय के अनुसार, आरोपी पहले गाली-गलौज कर रहा था। विरोध करने पर उसने कार मोड़कर वहां मौजूद लोगों को कुचलने की कोशिश की। इसी दौरान ध्रुमित सामने आ गए और कार की चपेट में आ गए।
इस हादसे में ध्रुमित का पैर बुरी क्षतिग्रस्त हो गया और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की, जिससे आरोपी को भागने का मौका मिल गया। फिलहाल मामले को लेकर जांच की मांग तेज हो गई है। यह घटना 4 अप्रैल की रात चकेरी थाना क्षेत्र के सजारी इलाके की बताई जा रही है, जिसका रिपोर्ट अब सामने आई है
![]()
विवाद के बाद हुआ हमला
घायल युवक ध्रुमित पांडेय के भाई मनीष पांडेय के अनुसार, आरोपी मोहित उर्फ रोहित नाम का युवक स्विफ्ट डिजायर कार (UP78 HM 8079) से मौके पर पहुंचा था। वह कथित रूप से नशे में था और लगातार हॉर्न बजाकर आसपास के लोगों को परेशान कर रहा था।
विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और खुद को रिटायर्ड दरोगा का बेटा बताते हुए धमकी दी कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
50 मीटर तक घसीटता ले गया
मनीष के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे जब वे अपने भाई के साथ दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी आरोपी ने अचानक कार घुमाकर उनके भाई को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ध्रुमित कार के बोनट पर जा गिरा।
इसके बाद आरोपी ने कार नहीं रोकी और उसे करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। इस दौरान ध्रुमित को गंभीर चोटें आईं और उसका पैर टूट गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में भर्ती, कई फ्रैक्चर
घायल को पहले कांशीराम अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रेफर कर दिया गया। फिलहाल रामा देवी क्षेत्र के लक्ष्मी अस्पताल में उसका इलाज जारी है।
डॉक्टरों के अनुसार, ध्रुमित के पैर में कई फ्रैक्चर हैं और पूरी तरह ठीक होने में करीब छह महीने का समय लग सकता है।
पुलिस कार्रवाई पर सवाल
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि घटना की सूचना देने और वीडियो सबूत सौंपने के बावजूद पुलिस ने समय पर FIR दर्ज नहीं की। मनीष का कहना है कि उन्होंने आरोपी की गाड़ी तक पुलिस को दिखाई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
परिवार ने मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाए।
पुलिस का बयान
चकेरी थाना के कार्यवाहक प्रभारी जावेद अहमद ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने उसके घर पर दबिश भी दी है, लेकिन वह फिलहाल फरार है। गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है।
बढ़ते सड़क अपराध और सुरक्षा चिंता
यह घटना शहरी क्षेत्रों में बढ़ते सड़क अपराध और लापरवाह ड्राइविंग की गंभीर समस्या को उजागर करती है। विशेषज्ञों का मानना है कि नशे में वाहन चलाना और सड़क पर आक्रामक व्यवहार न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आम नागरिकों की जान के लिए भी बड़ा खतरा है।











