Pune

Kanwad Yatra: DJ विवाद के बाद प्रशासन सख्त, कांवड़ियों के लिए नई गाइडलाइन जारी

Kanwad Yatra: DJ विवाद के बाद प्रशासन सख्त, कांवड़ियों के लिए नई गाइडलाइन जारी

कांवड़ यात्रा के दौरान DJ विवाद के बाद प्रशासन सख्त हुआ है। हॉकी, बेसबॉल बैट पर रोक लगा दी गई है। CM योगी मेरठ और मुजफ्फरनगर में कांवड़ियों पर हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा करेंगे।

Kanwad Yatra: उत्तर प्रदेश में चल रही कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। हाल के वर्षों में डीजे प्रतियोगिताओं और तेज आवाज की वजह से हुई झड़पों और मारपीट की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने इस बार यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए कई सख्त निर्देश जारी किए हैं। इसका उद्देश्य यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाना है।

मारपीट की घटनाओं के बाद लिया गया सख्त फैसला

कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे प्रतियोगिता के दौरान हुई मारपीट की घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी थी। इसी को ध्यान में रखते हुए कांवड़ियों के हॉकी स्टिक, बेसबॉल बैट जैसे वस्तुएं साथ ले जाने पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ये कदम किसी की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने के लिए नहीं बल्कि यात्रा में शांति बनाए रखने के लिए उठाया गया है।

त्रिशूल जैसे धार्मिक प्रतीकों पर नहीं है रोक

प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि त्रिशूल जैसे धार्मिक प्रतीकों को ले जाने पर कोई रोक नहीं है। केवल उन्हीं वस्तुओं पर प्रतिबंध लगाया गया है, जो यात्रा में सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती हैं। कांवड़ियों से अनुरोध किया गया है कि वे भक्ति के साथ-साथ नियमों का पालन भी करें।

सीएम योगी का कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा का कार्यक्रम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मेरठ और मुजफ्फरनगर में हेलिकॉप्टर के माध्यम से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा करेंगे। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा। इससे पहले भी सीएम योगी कांवड़ यात्रा को लेकर कई उच्च स्तरीय बैठकें कर चुके हैं और प्रशासन को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा किसी भी स्थिति में बाधित न हो।

डीजे वाहनों पर सख्ती, ऊंचाई सीमा का पालन जरूरी

डीजे वाहनों को लेकर भी प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। पुलिस ने बताया कि दादरी टोल अस्थायी चौकी और शिवाया टोल प्लाजा पर डीजे वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान लगभग 55 डीजे सेटअप की ऊंचाई 12 से 16 फीट तक पाई गई। इतनी ऊंचाई से बिजली के तारों, ट्रैफिक फ्लो और आम नागरिकों की सुरक्षा को खतरा हो सकता था।

पुलिस ने इन वाहनों को तत्काल प्रभाव से आवश्यक बदलाव करने के निर्देश दिए। डीजे संचालकों ने मौके पर ही सेटअप की ऊंचाई कम की और मानकों के अनुसार बदलाव किए, जिसके बाद ही उन्हें यात्रा जारी रखने की अनुमति दी गई।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने कांवड़ यात्रा में भाग ले रहे श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पूरी श्रद्धा और शांति के साथ इस धार्मिक यात्रा को संपन्न करें। साथ ही यह भी कहा गया है कि प्रशासन द्वारा बनाए गए नियम यात्रा की सुरक्षा और व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हैं। किसी भी प्रकार की उग्रता, विवाद या अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस तैनात, यात्रा मार्गों पर कड़ी निगरानी

प्रशासन ने पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्गों पर पूरी तरह से निगरानी रखी जाए। किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए फोर्स को अलर्ट मोड पर रखा गया है। विशेष रूप से ऐसे क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है, जहां पहले कोई विवाद हुआ हो।

Leave a comment