Columbus

केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार ने तेलंगाना CM रेवंत रेड्डी को दी खुली चुनौती, कहा - ‘हिम्मत है तो ओवैसी से मंदिर में आरती करवाएं’

केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार ने तेलंगाना CM रेवंत रेड्डी को दी खुली चुनौती, कहा - ‘हिम्मत है तो ओवैसी से मंदिर में आरती करवाएं’

तेलंगाना की राजनीति में आगामी जुबली हिल्स विधानसभा उपचुनाव से पहले बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पर तीखा हमला करते हुए उन्हें सीधी चुनौती दी है। 

हैदराबाद: तेलंगाना में जुबली हिल्स विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के एक हालिया बयान, “कांग्रेस का मतलब मुसलमान और मुसलमान का मतलब कांग्रेस” ने सियासी माहौल को और गर्मा दिया है। उनके इस बयान के बाद भाजपा ने उन पर मुस्लिम तुष्टीकरण का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है।

भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार ने गुरुवार को सीएम रेवंत रेड्डी पर बड़ा हमला करते हुए खुली चुनौती दी। उन्होंने पूछा कि “क्या ओवैसी ने कभी भाग्य लक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना की है?” संजय कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह केवल एक वर्ग विशेष को खुश करने की राजनीति कर रहे हैं या पूरे राज्य के लोगों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

विवाद की पृष्ठभूमि: सीएम रेवंत रेड्डी का बयान

विवाद की शुरुआत तब हुई जब तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हाल ही में एक सभा में कहा था कि “कांग्रेस का मतलब मुसलमान और मुसलमान का मतलब कांग्रेस”। उनके इस बयान के बाद भाजपा ने इसे मुस्लिम तुष्टीकरण (minority appeasement) की राजनीति बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया।भाजपा का आरोप है कि रेवंत रेड्डी का यह बयान हिंदू समुदाय को बांटने और धार्मिक ध्रुवीकरण के मकसद से दिया गया है। 

इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार ने गुरुवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को इस बयान पर जनता के सामने स्पष्टीकरण देना चाहिए। अगर रेवंत रेड्डी में हिम्मत है, तो ओवैसी से मंदिर में आरती कराएं। भाजपा नेता बंडी संजय कुमार ने कहा,

'अगर रेवंत रेड्डी में हिम्मत है, तो उन्हें असदुद्दीन ओवैसी से भाग्यलक्ष्मी मंदिर में आरती करवानी चाहिए। अगर वे ऐसा कर दिखाते हैं, तो हम मानेंगे कि वे सबके मुख्यमंत्री हैं, न कि केवल एक वर्ग के। उन्होंने आगे कहा कि “जुबली हिल्स के हिंदुओं को अब वोट बैंक बनकर नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपनी एकजुटता से भाजपा की जीत सुनिश्चित करनी चाहिए।'

संजय कुमार ने यह भी कहा कि अगर कांग्रेस या बीआरएस (भारत राष्ट्र समिति) का उम्मीदवार जीतता है, तो राज्य में हिंदू त्योहारों पर रोक लगाने जैसी स्थिति बन सकती है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए यह भी कहा कि रेवंत रेड्डी को कांग्रेस नेता और पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन से तिलक लगवाकर दिखाना चाहिए।

टोपी पहननी पड़े तो सिर कटाना पसंद करूंगा: बंडी संजय कुमार

अपने बयान में बंडी संजय कुमार ने एक और विवादित टिप्पणी की। उन्होंने कहा, अगर कभी वोट के लिए मुझे टोपी पहननी पड़ी, तो मैं अपना सिर कटवा लेना पसंद करूंगा। केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि असदुद्दीन ओवैसी 2047 तक भारत को इस्लामिक देश बनाने का सपना देख रहे हैं, और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी उनके साथ मिलकर तेलंगाना को इस्लामिक राज्य बनाने की साजिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी कीमत पर ऐसे प्रयासों को सफल नहीं होने देगी और हिंदू समाज को एकजुट होकर इसका जवाब देना चाहिए। तेलंगाना के प्रतिष्ठित जुबली हिल्स विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव 11 नवंबर 2025 को होगा। चुनाव आयोग के अनुसार, परिणाम 14 नवंबर को बिहार विधानसभा चुनावों के नतीजों के साथ घोषित किए जाएंगे।

यह सीट इस वर्ष जून में खाली हुई थी, जब बीआरएस विधायक मगंती गोपीनाथ का हृदयाघात के कारण निधन हो गया। जुबली हिल्स क्षेत्र को हैदराबाद की सबसे प्रमुख और संवेदनशील सीटों में से एक माना जाता है, क्योंकि यहां हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों की बड़ी आबादी है। इस वजह से यह उपचुनाव न केवल राज्य बल्कि राष्ट्रीय राजनीति के लिए भी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a comment