क्रिकेट खेलकर लौट रहे युवकों की स्कॉर्पियो तालाब में गिरी, 3 युवकों की डूबकर मौत

क्रिकेट खेलकर लौट रहे युवकों की स्कॉर्पियो तालाब में गिरी, 3 युवकों की डूबकर मौत

जगदलपुर के कालीपुर में स्कॉर्पियो तालाब में गिरने से 3 युवकों की डूबकर मौत हो गई, जबकि पुलिस ने 4 युवकों को बचा लिया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

Chhattisgarh: जगदलपुर शहर के कालीपुर इलाके में शनिवार (17 जनवरी) की रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, कुछ युवक क्रिकेट खेलकर वापस जगदलपुर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सड़क से फिसलते हुए पास ही स्थित तालाब में जा गिरी।

हादसा इतना अचानक हुआ कि वाहन में सवार युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। गाड़ी सीधे गहरे पानी में डूबने लगी, जिससे अंदर बैठे युवकों में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने शुरू किया रेस्क्यू

हादसे के समय तालाब के आसपास ज्यादा लोग मौजूद नहीं थे, लेकिन कुछ राहगीरों की नजर तालाब में डूबी गाड़ी पर पड़ गई। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस जवानों ने बिना देर किए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। 

गाड़ी के शीशे तोड़कर अंदर फंसे युवकों को बाहर निकालने की कोशिश की गई। कड़ी मशक्कत के बाद 4 युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, 3 युवक पानी में डूबने के कारण अपनी जान नहीं बचा सके।

तीन युवकों की मौत, चार घायल

रेस्क्यू के बाद सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद 3 युवकों को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि तीनों की मौत पानी में डूबने से हुई है।

वहीं, बचाए गए 4 युवकों को मामूली चोटें आई हैं। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है और उनका इलाज चल रहा है। सभी युवक जगदलपुर के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पुलिस की जांच जारी

पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में गाड़ी के अनियंत्रित होने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

एएसपी महेश्वर नाग ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार, चालक की लापरवाही या किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे शव

पुलिस के अनुसार, जिस तालाब में हादसा हुआ वह जगदलपुर के आउटर इलाके में स्थित है और रात के समय वहां आवाजाही कम रहती है। हादसे के वक्त वहां मौजूद लोगों की कमी के कारण मदद पहुंचने में थोड़ा समय लग गया।

मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है।

Leave a comment