कृति खरबंदा के नाम से व्हाट्सऐप पर फर्जी अकाउंट, एक्ट्रेस ने फैंस को किया अलर्ट

कृति खरबंदा के नाम से व्हाट्सऐप पर फर्जी अकाउंट, एक्ट्रेस ने फैंस को किया अलर्ट

बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति खरबंदा ने हाल ही में अपने फैंस और फॉलोअर्स को साइबर धोखाधड़ी के मामले में चेतावनी दी है। कृति ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके नाम से व्हाट्सऐप पर फर्जी अकाउंट बना लिया है और लोगों से संपर्क कर रहा है। 

Cyber Fraud: डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और अब इसकी चपेट में बॉलीवुड सेलेब्रिटीज भी लगातार आ रहे हैं। हाल ही में अभिनेत्री कृति खरबंदा (Kriti Kharbanda Cyber Fraud) ने अपने नाम से बनाए गए एक फर्जी व्हाट्सऐप अकाउंट को लेकर फैंस को सतर्क किया है। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया के जरिए साफ शब्दों में बताया कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनकी पहचान का गलत इस्तेमाल कर लोगों से संपर्क कर रहा है।

इंस्टाग्राम स्टोरी से दी जानकारी

कृति खरबंदा ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक संदिग्ध व्हाट्सऐप चैट का स्क्रीनशॉट शेयर किया। इसके साथ उन्होंने स्पष्ट किया कि वह नंबर उनका नहीं है और न ही उस अकाउंट से उनका कोई संबंध है। कृति ने लिखा, यह बिल्कुल ठीक नहीं है। यह मेरा नंबर नहीं है। किसी और की पहचान बनकर सामने आना सीधी तौर पर पहचान की चोरी है। कृपया सतर्क रहें।

उनकी इस पोस्ट का मकसद साफ था—अपने फैंस और जानने वालों को संभावित ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाना। कृति खरबंदा की यह चेतावनी ऐसे समय पर आई है, जब सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स पर फर्जी अकाउंट और ऑनलाइन फ्रॉड के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। सेलेब्रिटीज के नाम से बनाए गए नकली अकाउंट्स का इस्तेमाल अक्सर लोगों को भ्रमित करने, निजी जानकारी हासिल करने या आर्थिक ठगी के लिए किया जाता है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, पब्लिक फिगर्स के नाम पर बने ऐसे अकाउंट्स ज्यादा भरोसेमंद लगते हैं, जिससे आम लोग आसानी से इनके जाल में फंस सकते हैं। कृति द्वारा समय रहते दी गई जानकारी कई लोगों को नुकसान से बचा सकती है।

फैंस का मिला समर्थन

जैसे ही कृति खरबंदा की स्टोरी सामने आई, फैंस और फॉलोअर्स ने इस पर तुरंत प्रतिक्रिया दी। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने एक्ट्रेस का धन्यवाद किया और कहा कि इस तरह की चेतावनियां बेहद जरूरी हैं। कुछ फैंस ने यह भी मांग की कि सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स को ऐसे मामलों पर ज्यादा सख्त कदम उठाने चाहिए। कई लोगों ने कमेंट करते हुए लिखा कि डिजिटल दुनिया में सतर्कता ही सबसे बड़ा हथियार है, खासकर तब जब किसी मशहूर नाम से संपर्क किया जा रहा हो।

फिलहाल कृति खरबंदा ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि उन्होंने इस मामले में किसी साइबर सेल या व्हाट्सऐप से आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है या नहीं। हालांकि, उनका सार्वजनिक संदेश यह जरूर बताता है कि ऑनलाइन सुरक्षा को हल्के में नहीं लेना चाहिए। साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मामलों में संबंधित प्लेटफॉर्म पर रिपोर्ट करना, संदिग्ध नंबर को ब्लॉक करना और किसी भी तरह की निजी जानकारी साझा न करना बेहद जरूरी है।

Leave a comment