कुंवर अमर पहली बार ऐसे मोड़ पर खड़े हैं, जहां उन्हें सिर्फ परफॉर्म करना नहीं था, बल्कि अपने आप पर भरोसा बनाए रखना भी जरूरी था। दिल धोखा डिजायर की शूटिंग के दौरान कई बार उन्हें खुद यह समझ नहीं आ रहा था कि वे सही कर रहे हैं या नहीं, जिससे उनके लिए यह अनुभव चुनौतीपूर्ण लेकिन सीखने वाला साबित हुआ।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: टीवी शो ‘D3’ और ‘अनुपमा’ फेम अभिनेता कुंवर अमर अब अपने करियर में एक नया अध्याय लिखने के लिए तैयार हैं। अभिनेता ने हाल ही में ‘दिल धोखा डिजायर’ में अपनी भूमिका को लेकर खुलकर बातचीत की। इस शो में उन्हें पहली बार एक पूरी तरह एक्टिंग बेस्ड रोल मिला है, जिसमें उन्हें सिर्फ प्रदर्शन करना ही नहीं, बल्कि किरदार की जटिलताओं को समझते हुए खुद पर यकीन बनाए रखना भी है।
मैं एक जगह रुकने वाला इंसान नहीं हूं- कुंवर अमर
कुंवर अमर ने बातचीत के दौरान बताया कि उनका हमेशा से यही दृष्टिकोण रहा है कि नए कौशल सीखना और खुद को चुनौती देना जरूरी है। उन्होंने कहा,
'मैं हमेशा से नया सीखना चाहता रहा हूं और खुद को एक्सप्लोर करता रहा हूं। जब मुझे D3 मिला, तब एक्टिंग मेरा पहला अनुभव था। धीरे-धीरे ट्रेनिंग लेने के बाद मैं इस क्राफ्ट को समझ पाया और एक्टिंग से प्यार हो गया। अब तक लोग मुझे डांस करते हुए देख चुके हैं, इसलिए अब मैं एक्टिंग के नए रंग दिखाना चाहता हूं। ‘दिल धोखा डिजायर’ मेरा पहला ऐसा प्रोजेक्ट है, जहां पूरी तरह एक्टिंग बेस्ड रोल मिला है। यह मेरे करियर का महत्वपूर्ण मोड़ है।'
कुंवर ने कहा कि धैर्य और मेहनत के साथ चीजें सही समय पर होती हैं। उन्होंने अपनी इस नई भूमिका को लेकर उत्साह और आत्मविश्वास व्यक्त किया।
‘शौर्य’ का किरदार: सही और गलत के बीच संघर्ष

कुंवर अमर के इस नए शो में उनका किरदार शौर्य है। अभिनेता ने बताया कि यह रोल बहुत ही कॉम्प्लेक्स है। शौर्य एक सामान्य परिवार से आता है लेकिन उसके सपने बड़े हैं। वह बॉक्सर है और अपने देश के लिए कुछ करना चाहता है। किरदार ऐसे हालात में फंस जाता है, जहां उसे ऐसे फैसले लेने पड़ते हैं जो उसे करना पसंद नहीं।
उसके पास नैतिक मूल्य हैं, लेकिन परिस्थितियां उसे गलत फैसले लेने पर मजबूर करती हैं। वह युवा है, इसलिए सही और गलत को समझ नहीं पाता और बार-बार अपनी गलतियों से जूझता है। यह किरदार ड्रामा, कॉन्फ्लिक्ट और ट्विस्ट से भरा है।
डांसर इमेज से बाहर आने की कोशिश
कुंवर ने बताया कि उन्होंने हमेशा अपनी डांसर छवि के अलावा नई क्षमता दिखाने की इच्छा रखी। लोगों ने मुझे हर तरह के डांस में देखा है। अब मैं चाहता था कि वे मुझे अलग तरीके से देखें। मेरी फिटनेस और बॉक्सिंग ट्रेनिंग इस रोल में काफी मददगार साबित हुई। यह मेरे लिए बिल्कुल नया अनुभव है और मैं इसे पूरी तरह से जी रहा हूं।
कुंवर अमर ने बताया कि शेमारू के साथ यह उनका पहला प्रोजेक्ट है और टीम बेहद सहयोगी थी। अगर कोई एक्शन या इंटिमेट सीन मुश्किल होता, तो हम एक-दूसरे को पुश करते थे। प्रोडक्शन टीम हर चीज को सुनिश्चित करती थी, चाहे वह कॉस्ट्यूम हो या हेयर स्टाइल। यह काम को बेहतर बनाता है और मुझे पूरा अनुभव बहुत पसंद आया।
कुंवर ने कहा कि वह हमेशा रिस्क लेने वाले इंसान रहे हैं। सेफ खेलना मुझे पसंद नहीं। अगर आप सिर्फ 9 से 5 की नौकरी करेंगे तो आरामदायक जीवन तो मिलेगा, लेकिन खुद को एक्सप्लोर करने का मौका नहीं मिलेगा। रिस्क लेना आसान नहीं, लेकिन यह आपकी पेशेंस, पर्सनालिटी और नैतिकता को टेस्ट करता है। मेरे लिए यह अनुभव बेहद रोमांचक है।











