Lenovo India Q3 Results: एआई और इंफ्रास्ट्रक्चर की मांग ने बढ़ाया राजस्व, ₹8,145 करोड़ का कारोबार दर्ज

Lenovo India ने Q3 2025-26 में ₹8,145 करोड़ का राजस्व दर्ज किया। AI और इंफ्रास्ट्रक्चर की बढ़ती मांग ने कंपनी की कमाई और मार्केट पोजिशन मजबूत की।
Lenovo India Q3 Results: एआई और इंफ्रास्ट्रक्चर की मांग ने बढ़ाया राजस्व, ₹8,145 करोड़ का कारोबार दर्ज

Lenovo India ने Q3 2025-26 में ₹8,145 करोड़ का राजस्व दर्ज किया, जो सालाना 7% अधिक है। AI और इंफ्रास्ट्रक्चर की बढ़ती मांग, मोबाइल, PC और डिजिटल समाधानों ने कंपनी की कमाई को नई रफ्तार दी।

Q3 Results: Lenovo India ने वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही (Q3) में 7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है और कुल राजस्व ₹8,145 करोड़ तक पहुंच गया है। कंपनी का कहना है कि यह वृद्धि किसी अस्थायी उछाल का परिणाम नहीं है, बल्कि भारत में लगातार बनी मजबूत मांग और डिजिटलाइजेशन के बढ़ते रुझान का संकेत है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और इंफ्रास्ट्रक्चर सॉल्यूशंस की बढ़ती मांग ने कंपनी की कमाई को नई रफ्तार दी है।

व्यापक पोर्टफोलियो से लाभ

Lenovo India के वाइस प्रेसिडेंट और मैनेजिंग डायरेक्टर Shailendra Katyal ने बताया कि भारत में डिजिटल गतिविधियों की तेजी कंपनी के लिए अवसर पैदा कर रही है। Lenovo के पास स्मार्टफोन, पीसी, टैबलेट और इंफ्रास्ट्रक्चर सॉल्यूशंस जैसे व्यापक प्रोडक्ट पोर्टफोलियो हैं। यही वजह है कि विभिन्न उपभोक्ता वर्ग और एंटरप्राइज क्लाइंट्स से लगातार मांग मिल रही है।

कंपनी ने बताया कि एआई आधारित तकनीकों को अपनाने में वृद्धि के कारण कई बिजनेस सेगमेंट में मजबूती देखने को मिली है। इससे न केवल राजस्व बढ़ा है, बल्कि कंपनी की मार्केट पोजिशन भी मजबूत हुई है।

मोबाइल और पीसी सेगमेंट में मजबूत प्रदर्शन

इस तिमाही में Motorola ब्रांड का प्रदर्शन खासा उल्लेखनीय रहा। मार्केट रिसर्च फर्म International Data Corporation के अनुसार, Motorola ने Q3 2025 में भारतीय स्मार्टफोन मार्केट में 8.3 प्रतिशत की हिस्सेदारी हासिल की।

साथ ही Lenovo के पीसी और सर्वर इंफ्रास्ट्रक्चर डिविजन ने भी सालाना आधार पर दो अंकों की वृद्धि दर्ज की। एंटरप्राइज सेक्टर में डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और क्लाउड आधारित समाधानों की मांग ने इस बढ़ोतरी को समर्थन दिया।

भारत बना रणनीतिक केंद्र

Lenovo India के लिए भारत केवल बड़ा उपभोक्ता बाजार ही नहीं, बल्कि रणनीतिक केंद्र भी बन चुका है। कंपनी के अनुसार, भारत से वैश्विक राजस्व में लगभग 4 प्रतिशत योगदान आता है, जबकि एशिया पैसिफिक क्षेत्र के कुल राजस्व में भारत का हिस्सा 24 प्रतिशत है।

भारत अब मैन्युफैक्चरिंग, रिसर्च एंड डेवलपमेंट, स्किल डेवलपमेंट और एआई टैलेंट तैयार करने का अहम हब बनता जा रहा है। सरकार की प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव योजना और एआई स्किलिंग पहल ने इस इकोसिस्टम को मजबूत किया है।

स्थानीय विनिर्माण पर फोकस

Lenovo 2005 से भारत में उत्पादन कर रही है। फिलहाल Motorola स्मार्टफोन, पीसी, सर्वर और टैबलेट जैसी अधिकांश प्रोडक्ट्स देश में ही तैयार की जा रही हैं। इसके अलावा इन उत्पादों का निर्यात भी किया जा रहा है।

कंपनी अब मदरबोर्ड और पीसीबी जैसे कंपोनेंट्स के स्थानीय निर्माण की दिशा में कदम बढ़ा रही है। जैसे ही सप्लायर्स की क्षमता बढ़ेगी, Lenovo अधिक से अधिक लोकल सोर्सिंग पर ध्यान देगी।

एआई से जुड़ी मांग में बदलाव

Lenovo के अनुसार भारतीय मार्केट में एआई को लेकर अब केवल प्रयोग नहीं हो रहे, बल्कि कंपनियां इससे स्पष्ट व्यावसायिक लाभ की अपेक्षा कर रही हैं। कंपनी हाइब्रिड एआई रणनीति पर काम कर रही है, जिसमें पब्लिक क्लाउड, प्राइवेट इंफ्रास्ट्रक्चर और एआई सक्षम पर्सनल डिवाइस शामिल हैं।

भारत में कंपनी की आरएंडडी टीम वैश्विक स्तर की सर्वर और स्मार्टफोन परियोजनाओं पर काम कर रही है। हाल के वर्षों में Lenovo ने 600 से अधिक पेटेंट फाइल किए हैं। एआई और इंजीनियरिंग रोल्स में पिछले छह वर्षों में कर्मचारियों की संख्या पांच से छह गुना बढ़ी है। वर्तमान में भारत में कंपनी के लगभग 3,400 कर्मचारी कार्यरत हैं।

वैश्विक स्तर पर मजबूत राजस्व

वैश्विक स्तर पर Lenovo Group ने Q3 में 22.2 अरब डॉलर का रिकॉर्ड राजस्व हासिल किया, जो सालाना आधार पर 18 प्रतिशत अधिक है। हालांकि, शुद्ध लाभ 21 प्रतिशत घटकर 546 मिलियन डॉलर रहा।

कंपनी के एआई आधारित कारोबार में सालाना 72 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो कुल राजस्व का लगभग एक तिहाई है। इंटेलिजेंट डिवाइसेज ग्रुप ने 15.8 अरब डॉलर का राजस्व अर्जित किया। इंफ्रास्ट्रक्चर सॉल्यूशंस ग्रुप की आय 31 प्रतिशत बढ़कर 5.2 अरब डॉलर हुई और सॉल्यूशंस एंड सर्विसेज ग्रुप का राजस्व 18 प्रतिशत बढ़कर 2.7 अरब डॉलर तक पहुंचा।

Leave a comment