देश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हालिया उतार-चढ़ाव के बीच लॉकडाउन को लेकर सोशल मीडिया और विपक्षी दलों में अफवाहों का सिलसिला जारी है।
नई दिल्ली: देश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति को लेकर उठ रहे संकट के दावों के बीच भारत सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि कोई लॉकडाउन नहीं लगाया जाएगा। इस मसले पर शशांक मणि त्रिपाठी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। देवरिया लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से सांसद मणि त्रिपाठी ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि देश में लॉकडाउन लगाने की कोई जरूरत है।
उन्होंने विपक्षी नेताओं पर अफवाह फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कई तरह की गलत जानकारी फैलाई जा रही है। उनका मानना है कि विपक्ष को इस तरह की अफवाहें नहीं फैलानी चाहिए और वर्तमान स्थिति में लॉकडाउन की कोई आवश्यकता नहीं है। इस बयान से सरकार की नीतियों और जनता में शांति बनाए रखने की कोशिश को और बल मिला है।
विपक्ष पर लगाया अफवाह फैलाने का आरोप
सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि देश में लॉकडाउन को लेकर विपक्षी दल झूठी अफवाहें फैला रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया, कई तरह की अफवाहें फैल रही हैं। मुझे नहीं लगता कि लॉकडाउन लगाने की जरूरत है। विपक्ष को अफवाहें फैलाने से बचना चाहिए।" इस बयान के माध्यम से सांसद ने न सिर्फ अफवाहों को खारिज किया बल्कि जनता में भय और भ्रम की स्थिति को रोकने की अपील भी की।
एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर उठाए गए सवाल पर शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि केंद्र सरकार ने आम जनता को बड़ी राहत दी है। उन्होंने बताया कि, अन्य देशों में ईंधन की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन भारत ने अब तक उनका स्तर बनाए रखा है। हाल ही में सरकार ने एक्साइज ड्यूटी में कमी की, जिससे जनता को सीधे आर्थिक लाभ मिला। सांसद ने कहा, “इस कदम के लिए हमें सरकार का धन्यवाद करना चाहिए, क्योंकि यह आम लोगों और उद्योग दोनों के लिए राहत लेकर आया है।
![]()
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी किया खारिज
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी लॉकडाउन को लेकर फैल रही अफवाहों को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने कहा, वैश्विक परिस्थितियां अनिश्चित हैं, लेकिन भारत सरकार लगातार ऊर्जा, ईंधन और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पर निगरानी रख रही है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि देश में ईंधन और अन्य जरूरी चीज़ों की आपूर्ति बिना किसी रुकावट के जारी रहे।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी संभावित चुनौती से निपटने के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है और देश में लॉकडाउन लगाने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।
जनता के लिए संदेश
हरदीप सिंह पुरी ने नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों में न फंसें और ज़िम्मेदारी के साथ स्थिति का सामना करें। उनका कहना है कि ऐसे समय में डर और भ्रम फैलाना गैर-जिम्मेदाराना है और इससे समाज में अनावश्यक चिंता उत्पन्न होती है। उन्होंने कहा, भारत ने पहले भी वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच अपनी मज़बूती दिखाई है, और आगे भी हम समय पर, सक्रिय और समन्वित तरीके से कदम उठाते रहेंगे।
भारत सरकार वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए लगातार तैयारियों में जुटी हुई है। ऊर्जा और ईंधन की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।आवश्यक वस्तुओं और सप्लाई चेन पर विशेष नजर रखी जा रही है। किसी भी तरह के अचानक संकट या वैश्विक अस्थिरता के लिए विशेष टीम और रणनीति तैयार की गई है।












