Pune

मालदीव के राष्ट्रपति मुइज्जू ने भारत को बताया ‘विश्वसनीय साझेदार’, पीएम मोदी के साथ साझा विज़न पर चर्चा

मालदीव के राष्ट्रपति मुइज्जू ने भारत को बताया ‘विश्वसनीय साझेदार’, पीएम मोदी के साथ साझा विज़न पर चर्चा

भारत और मालदीव के द्विपक्षीय संबंध एक नई दिशा की ओर अग्रसर होते दिखाई दे रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर मालदीव की राजधानी माले पहुंचे, जहां वेलाना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

माले: भारत और मालदीव के बीच द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊर्जा मिली है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय ऐतिहासिक यात्रा पर मालदीव पहुंचे। इस दौरान मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने भारत को देश का "सबसे करीबी और सबसे विश्वसनीय साझेदार" करार दिया। दोनों देशों के नेताओं ने साझा प्रेस वार्ता में अपने मजबूत और भविष्यगामी संबंधों पर जोर दिया।

भारत-मालदीव संबंधों में नई गति

प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा ऐसे समय पर हो रही है जब भारत और मालदीव अपने राजनयिक संबंधों की 60वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इस अवसर पर माले पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का वेलाना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत किया गया। राष्ट्रपति मुइज्जू ने कहा, भारत लंबे समय से मालदीव का सबसे करीबी और सबसे विश्वसनीय साझेदार रहा है। 

हमारा सहयोग सुरक्षा और व्यापार से लेकर स्वास्थ्य, शिक्षा और डिजिटल विकास जैसे क्षेत्रों तक फैला हुआ है, जो हमारे नागरिकों के रोजमर्रा के जीवन को सकारात्मक रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने आगे कहा कि हर दिन सैकड़ों मालदीववासी चिकित्सा, शिक्षा और व्यवसाय के लिए भारत की यात्रा करते हैं। साथ ही, भारत में रहने वाले मालदीव नागरिकों को भी गर्मजोशी से अपनाया जाता है।

पीएम मोदी का संदेश: हम केवल पड़ोसी नहीं, सहयात्री हैं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में मालदीव को भारत का सबसे करीबी पड़ोसी बताते हुए कहा कि यह देश भारत की 'नेबरहुड फर्स्ट' नीति और 'सागर विजन' का अहम हिस्सा है। पीएम मोदी ने कहा, भारत को गर्व है कि वह मालदीव का सबसे भरोसेमंद मित्र है। जब भी संकट की घड़ी आई है, चाहे वह प्राकृतिक आपदा हो या कोविड महामारी, भारत ने हमेशा ‘फर्स्ट रिस्पॉन्डर’ बनकर मालदीव की मदद की है।

उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों के बीच समुद्री सुरक्षा, रणनीतिक सहयोग और नागरिक लाभ के क्षेत्र में गहरी भागीदारी है, जो आने वाले समय में और भी मजबूत होगी।

भारत का 'फ्रेंडशिप गिफ्ट' और रक्षा सहयोग

इस यात्रा का एक और महत्वपूर्ण पहलू रहा मालदीव रक्षा मंत्रालय की नई अत्याधुनिक इमारत का उद्घाटन। इस इमारत का निर्माण भारत के सहयोग से हुआ है, जिसे दोनों राष्ट्राध्यक्षों ने संयुक्त रूप से उद्घाटित किया। पीएम मोदी ने इस मौके पर मालदीव राष्ट्रीय रक्षा बल को 72 वाहन और उपकरण भी भेंट किए। उन्होंने कहा, यह रक्षा मंत्रालय की इमारत विश्वास और मित्रता की ठोस नींव पर खड़ी है। भारत, मालदीव की रक्षा क्षमताओं को सशक्त बनाने में आगे भी सहयोग करता रहेगा।

प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मुइज्जू दोनों ने हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई। मोदी ने कहा कि भारत और मालदीव की साझेदारी सिर्फ रणनीतिक नहीं, बल्कि मानवीय मूल्यों और साझा भविष्य पर आधारित है।

Leave a comment