शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार गिरावट में बंद हुआ। सेंसेक्स 400.76 अंक फिसलकर 85,231.92 पर और निफ्टी 124 अंक गिरकर 26,068 पर बंद हुआ। बैंक और फाइनेंशियल शेयरों में दबाव रहा, वैश्विक बाजार और मुद्रास्फीति ने असर डाला।
Market Closing: भारतीय शेयर बाजार हफ्ते के अंतिम ट्रेडिंग सेशन यानी शुक्रवार (21 नवंबर) को उतार-चढ़ाव के साथ गिरावट में बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 85,347.40 अंक पर खुला और कारोबार के दौरान 85,187 अंक तक फिसल गया। अंत में यह 400.76 अंक या 0.47 प्रतिशत की गिरावट लेकर 85,231.92 पर बंद हुआ। नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 भी 26,109 अंक पर खुला और कारोबार के दौरान 26,052 अंक के इंट्रा-डे लो तक गया। अंत में निफ्टी 124 अंक या 0.47 प्रतिशत गिरकर 26,068 पर बंद हुआ।
बैंक और फाइनेंशियल शेयरों का दबाव
आईसीआईसीआई बैंक और एचडीएफसी बैंक जैसे प्राइवेट बैंक और फाइनेंशियल सेक्टर के शेयरों में गिरावट ने बाजार को नीचे की तरफ खींचा। निवेशकों ने उतार-चढ़ाव वाले कारोबारी माहौल में सतर्कता बरती और प्रमुख इंडेक्स कमजोर बने रहे।
वैश्विक बाजारों का असर
अमेरिकी शेयर बाजार गुरुवार को गिरावट में बंद हुए। डॉव जोन्स 0.84 प्रतिशत, एसएंडपी 500 में 1.56 प्रतिशत और नैस्डैक 2.16 प्रतिशत गिर गया। सितंबर में अमेरिका की बेरोज़गारी दर थोड़ी बढ़ी, जबकि नौकरी जोड़ने के आंकड़े अपेक्षाकृत मजबूत रहे। इससे दिसंबर में अमेरिकी फेडरल रिज़र्व की तरफ से ब्याज दरों में कटौती को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई। इस असर ने एशियाई बाजारों को भी प्रभावित किया। चीन का CSI 300 इंडेक्स 1.16 प्रतिशत गिरा, हांगकांग का हांग सेंग 1.82 प्रतिशत, दक्षिण कोरिया का KOSPI 3.12 प्रतिशत और जापान का निक्केई 1.7 प्रतिशत फिसल गया।
कोर मुद्रास्फीति में वृद्धि
अंतरराष्ट्रीय फूड और एनर्जी प्राइस को छोड़कर कोर मुद्रास्फीति अक्टूबर में 3 प्रतिशत से बढ़कर 3.1 प्रतिशत हो गई। इससे निवेशकों में बाजार की दिशा को लेकर सतर्कता बढ़ गई।
IPO Updates
कैपिलरी टेक्नोलॉजीज इंडिया के शेयर आज एक्सचेंजों पर लिस्ट होंगे। इसके अलावा, सुदीप फार्मा का IPO अप्लाई करने के लिए खुला है और एक्सेलसॉफ्ट टेक्नोलॉजीज के IPO को सब्सक्राइब करने का आज आखिरी दिन है।












