Market Rally: IT-Metal खरीदारी से शेयर बाजार में भारी तेजी, सेंसेक्स 85,600 के पार, निफ्टी 26,200 पर हुआ बंद

Market Rally: IT-Metal खरीदारी से शेयर बाजार में भारी तेजी, सेंसेक्स 85,600 के पार, निफ्टी 26,200 पर हुआ बंद

वैश्विक संकेतों और आईटी–मेटल शेयरों में मजबूत खरीदारी से बाजार जोरदार तेजी के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 1022 अंक चढ़कर 85,609 पर और निफ्टी 26205 पर पहुंचा, जबकि सभी सेक्टर हरे निशान में रहे और बाजार ऑल टाइम हाई के करीब बंद हुआ।

Market Closing: वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार बुधवार को मजबूत शुरुआत के बाद दमदार तेजी के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों करीब 1.25 प्रतिशत चढ़े और अपने ऑल टाइम हाई से केवल 200 अंक दूर रह गए। अमेरिकी और एशियाई बाजारों में आई तेजी, फेडरल रिजर्व की संभावित ब्याज दर कटौती की उम्मीद और आईटी व मेटल शेयरों में भारी खरीदारी ने घरेलू बाजार के सेंटीमेंट को मजबूत किया।

सेंसेक्स और निफ्टी की मजबूत क्लोजिंग

बीएसई सेंसेक्स 84,503 अंक पर सपाट खुला और शुरुआत में ही 84,851 अंक तक चढ़ गया। कारोबार के दौरान यह 85,644 अंक के इंट्रा-डे हाई पर पहुंचा और आखिर में 1022.50 अंक या 1.21 फीसदी बढ़त के साथ 85,609.51 पर बंद हुआ। निफ्टी-50 ने 25,842 अंक पर फ्लैट ओपनिंग की, लेकिन कारोबार के दौरान स्थिर खरीदारी और अंतिम घंटे में आई मजबूती से इंडेक्स 320.50 अंक या 1.24 फीसदी बढ़कर 26,205.30 पर पहुंच गया। 

सेक्टरों में चौतरफा तेजी

सेक्टरों की बात करें तो सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए, जहां निफ्टी मेटल इंडेक्स में सबसे ज्यादा 2 फीसदी से अधिक की तेजी रही। निफ्टी आईटी इंडेक्स 1.46 फीसदी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 1.75 फीसदी और निफ्टी एनर्जी इंडेक्स 1.74 फीसदी मजबूत हुए। बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, ट्रेंट, एक्सिस बैंक, अदाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील, टाइटन और टाटा मोटर्स जैसे बड़े शेयरों में बढ़त देखने को मिली, जबकि केवल भारती एयरटेल और एशियन पेंट्स लाल निशान में बंद हुए।

एक्सपर्ट कमेंट और ग्लोबल मार्केट ट्रेंड्स

स्टॉक्सकार्ट के डायरेक्टर और सीईओ प्रणय अग्रवाल के अनुसार निफ्टी के 26,000 के पार जाने से स्पष्ट है कि निवेशकों की भावना सभी सेक्टरों में मजबूत हो रही है। उनका कहना है कि निवेशकों की भागीदारी अब केवल कुछ चुनिंदा बड़े शेयरों तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यापक हो रही है, जो बाजार की सेहत के लिए सकारात्मक संकेत है। वैश्विक स्तर पर भी हालात बाजारों के पक्ष में रहे। 

एशियाई बाजार लगातार तीसरे दिन चढ़े, जहां जापान का निक्केई और दक्षिण कोरिया का कोस्पी करीब 2 फीसदी उछले। अमेरिकी बाजार भी मजबूत बंद हुए, क्योंकि कमजोर उपभोक्ता डेटा ने फेड द्वारा दरों में संभावित कटौती की उम्मीदें बढ़ा दीं। अल्फाबेट इंक 1.53 फीसदी चढ़कर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया और अब 4 ट्रिलियन डॉलर मार्केट कैप के करीब है।

IPO मार्केट में हलचल

आईपीओ बाजार में भी बुधवार को हलचल देखने को मिली। एक्सेलसॉफ्ट टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के शेयर बीएसई और एनएसई दोनों पर 135 रुपये के भाव पर लिस्ट हुए, जो इसके अपर प्राइस बैंड 120 रुपये से 12.5 फीसदी अधिक है। वहीं सुदीप फार्मा का आईपीओ अलॉटमेंट आज फाइनल होने की उम्मीद है और इसकी लिस्टिंग 28 नवंबर को तय है।

Leave a comment