मस्ती 4 रितेश देशमुख, विवेक ओबेरॉय, आफताब शिवदासानी, तुषार कपूर, अरशद वारसी और नरगिस फाखरी जैसे जाने–माने कलाकारों के साथ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म के लेखक मिलाप जावेरी और फारुख धोंदी हैं, जबकि निर्देशन की कमान मिलाप जावेरी के हाथ में है।
- Movie Review: मस्ती 4
- कलाकार: रितेश देशमुख , विवेक ओबेरॉय , आफताब शिवदासानी , तुषार कपूर , अरशद वारसी , नर्गिस फाखरी , अमर झुनझुनवाला और शिखा आहलूवालिया
- लेखक: मिलाप जावेरी और फारुख धोंदी
- निर्देशक: मिलाप जावेरी
- निर्माता: अशोक ठकेरिया , इंद्र कुमार , एकता आर. कपूर , शोभा कपूर , विवेक ओबेरॉय , उमेश के.आर. बंसल , अमर झुनझुनवाला और शिखा आहलूवालिया
- रिलीज: 21 नवंबर 2025
- रेटिंग: 1/5
एंटरटेनमेंट न्यूज़: साल 2004 में आई पहली ‘मस्ती’ को ऑडियंस ने काफी पसंद किया था। इसके बाद फ्रैंचाइज़ी के दो और पार्ट बने—‘ग्रैंड मस्ती’ और ‘ग्रेट ग्रैंड मस्ती’। अब इस फ्रैंचाइज़ी का चौथा हिस्सा ‘मस्ती 4’ रिलीज़ हुआ है। फिल्म को मजेदार वापसी के रूप में पेश किया गया था, लेकिन शुरुआत होते ही लगता है कि ज्यादा उम्मीद करना गलत होगा।
कहानी शुरू से ही बिखरी हुई महसूस होती है। हंसी दिखाने की कोशिश थकी हुई और पुरानी लगती है। हर सीन इतना ढीला है कि ऑडियंस का ध्यान बार-बार भटकता है। कई बार ऐसा लगता है कि फिल्म देखना ही गलती हो गई।
कहानी: हंसी के बजाय उलझन
मस्ती 4 की कहानी तीन दोस्तों – मीत (विवेक ओबेरॉय), अमर (रितेश देशमुख) और प्रेम (आफताब शिवदासानी) – के इर्द–गिर्द घूमती है। ये तीनों शादीशुदा हैं, लेकिन अपनी जिंदगी से खुश नहीं हैं। उन्हें लगता है कि उनकी शादी उबाऊ हो गई है। इसी बीच उनका दोस्त कामराज (अरशद वारसी) उन्हें बताता है कि उसकी पत्नी ‘लव वीजा’ देती है – यानी वह किसी भी लड़की के साथ एक हफ्ता बिता सकता है।
तीनों दोस्त अपनी पत्नियों से भी यही अनुमति मांगते हैं और कुछ झगड़ों के बाद पत्नियां मान जाती हैं। लेकिन जैसे ही वे दोस्तों के लिए “स्वतंत्रता” का समय आता है, पत्नियां भी उन्हें “लव वीजा” देने की मांग करती हैं। यहीं से फिल्म में हंसी की जगह मुसीबतें और उलझनें शुरू होती हैं।
![]()
अभिनय: जान और ऊर्जा की कमी
फिल्म में बड़े कलाकार होने के बावजूद एक्टिंग प्रभावित नहीं करती। रितेश, विवेक और आफताब अपनी भूमिकाओं में मौजूद हैं, लेकिन कॉमेडी में कोई असर नहीं। डायलॉग Delivery में वह ऊर्जा नहीं है, जो दर्शकों को हंसाए। तुषार कपूर बिहार पुलिस अफसर के रूप में आते हैं, पर न उनकी एक्टिंग, न उनके डायलॉग असर छोड़ते हैं।
अरशद वारसी और नरगिस फाखरी के छोटे रोल भी फिल्म में बिना प्रभाव के गायब हो जाते हैं। महिला पात्रों को सिर्फ दिखावे के लिए रखा गया है; अधिकतर समय वे बिकनी पहने हुए दिखाई देती हैं और कहानी में उनका कोई योगदान नहीं है।
निर्देशन: कमजोर पकड़ और बिखरी कहानी
मिलाप जावेरी का निर्देशन फिल्म की सबसे बड़ी कमी साबित होता है। कहानी अधूरी और सीन खिंचे हुए लगते हैं। फिल्म पुराने नाम और फ्रेंचाइज़ी के सहारे बनाई गई है, लेकिन इसमें न एंटरटेनमेंट है, न समझदारी। निर्देशक की पकड़ शुरुआत से ढीली नजर आती है। फिल्म न तो दिशा में है, न ऑडियंस को जोड़ती है। हंसाने के बजाय यह बोर करती है और कई जगह लगता है कि इसे बनाने की कोई आवश्यकता ही नहीं थी।
फिल्म के गाने भी आकर्षक नहीं हैं। इतने बड़े फ्रेंचाइज़ी होने के बावजूद म्यूजिक में कोई यादगार ट्रैक नहीं है। गाने आते हैं और चले जाते हैं, पर कोई प्रभाव नहीं छोड़ते।
देखें या छोड़ दें?
यदि आपके पास ढाई घंटे खाली हैं, तो आप इसे देखने के बजाय सो सकते हैं, टहल सकते हैं या मोबाइल की स्क्रीन साफ कर सकते हैं। मस्ती 4 कोई खास अनुभव या हंसी नहीं देती, बल्कि यह केवल समय की बर्बादी साबित होती है। फिल्म की कोशिश थी कि पुराने नाम का फायदा उठाकर हंसी और मनोरंजन दें, लेकिन परिणाम में यह सिर्फ दर्शकों को निराश करती है।











