Merchant Navy में जॉब कैसे पाएं 12वीं के बाद करियर बनाने का तरीका

Merchant Navy में जॉब कैसे पाएं 12वीं के बाद करियर बनाने का तरीका

मर्चेंट नेवी आज युवाओं के लिए एक आकर्षक और हाई सैलरी वाला करियर विकल्प बनता जा रहा है। 12वीं के बाद छात्र जीपी रेटिंग, नॉटिकल साइंस या मरीन इंजीनियरिंग जैसे कोर्स करके इस क्षेत्र में प्रवेश कर सकते हैं। अनुभव बढ़ने के साथ यहां सैलरी और पद दोनों तेजी से बढ़ते हैं।

Merchant Navy Career Guide: मर्चेंट नेवी समुद्री व्यापार से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पेशा है, जिसमें जहाजों के जरिए माल और यात्रियों को एक देश से दूसरे देश तक पहुंचाया जाता है। भारत सहित दुनिया भर में लगभग 90 प्रतिशत व्यापार समुद्री मार्ग से होता है, इसलिए इस क्षेत्र में कुशल पेशेवरों की मांग लगातार बढ़ रही है। 12वीं के बाद छात्र मान्यता प्राप्त संस्थानों से संबंधित कोर्स करके इस क्षेत्र में करियर बना सकते हैं। प्रशिक्षण और मेडिकल फिटनेस के बाद शिपिंग कंपनियों के जरिए नौकरी मिलती है, जहां शुरुआती सैलरी से लेकर उच्च पदों तक आय और करियर ग्रोथ के अच्छे अवसर मौजूद रहते हैं।

मर्चेंट नेवी क्या है और यह कैसे काम करती है

मर्चेंट नेवी वह सेवा है जो समुद्री जहाजों के माध्यम से माल और यात्रियों को एक देश से दूसरे देश तक पहुंचाने का काम करती है। इसे अक्सर लोग सेना से जोड़ देते हैं, लेकिन वास्तव में यह पूरी तरह से एक कमर्शियल सेक्टर है।

भारतीय नौसेना जहां देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा करती है, वहीं मर्चेंट नेवी व्यापारिक जहाजों के जरिए आयात और निर्यात की जिम्मेदारी संभालती है। इस क्षेत्र में काम करने वाले पेशेवर शिपिंग कंपनियों के साथ जुड़े होते हैं और उनका वेतन, प्रमोशन और करियर ग्रोथ निजी कंपनियों की नीतियों पर आधारित होता है।

12वीं के बाद मर्चेंट नेवी में ऐसे बनाएं करियर

मर्चेंट नेवी में नौकरी पाने के लिए सबसे पहले किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से संबंधित कोर्स करना जरूरी होता है। आमतौर पर 10वीं या 12वीं के बाद छात्र अपनी रुचि के अनुसार डेक, इंजन या जीपी रेटिंग से जुड़े कोर्स चुन सकते हैं। कई डिग्री कोर्स में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा भी देनी होती है।

कोर्स पूरा करने और मेडिकल फिटनेस क्लियर करने के बाद उम्मीदवार को Continuous Discharge Certificate (CDC) बनवाना पड़ता है। इसके बाद शिपिंग कंपनियों में आवेदन या कैंपस प्लेसमेंट के जरिए चयन होता है और उम्मीदवार जहाज पर ट्रेनी या कैडेट के रूप में अपने करियर की शुरुआत करता है।

करियर के मुख्य विभाग और कोर्स

मर्चेंट नेवी में कई अलग-अलग विभाग होते हैं, जहां छात्र अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार करियर बना सकते हैं। इनमें जीपी रेटिंग, डेक डिपार्टमेंट, इंजन डिपार्टमेंट और इलेक्ट्रो टेक्निकल ऑफिसर जैसे प्रमुख विकल्प शामिल हैं।

अगर कोई छात्र जल्दी नौकरी शुरू करना चाहता है, तो जीपी रेटिंग कोर्स एक एंट्री-लेवल विकल्प माना जाता है। वहीं नेविगेशन में रुचि रखने वाले छात्र नॉटिकल साइंस का कोर्स करके डेक कैडेट बन सकते हैं और अनुभव के साथ कैप्टन तक पहुंच सकते हैं। दूसरी ओर, तकनीकी क्षेत्र में रुचि रखने वाले छात्र मरीन इंजीनियरिंग करके जूनियर इंजीनियर से चीफ इंजीनियर तक का सफर तय कर सकते हैं।

मर्चेंट नेवी में सैलरी और करियर ग्रोथ

मर्चेंट नेवी को हाई सैलरी वाले करियर विकल्पों में गिना जाता है। शुरुआती स्तर पर जब कोई उम्मीदवार डेक कैडेट, जीपी रेटिंग या जूनियर इंजीनियर के रूप में नौकरी शुरू करता है, तो उसकी मासिक सैलरी आमतौर पर 30,000 से 60,000 रुपये के बीच होती है।

जैसे-जैसे अनुभव बढ़ता है और व्यक्ति अधिकारी रैंक तक पहुंचता है, उसकी सैलरी 1 लाख से 3 लाख रुपये प्रति माह तक हो सकती है। वहीं अगर कोई कैप्टन या चीफ इंजीनियर जैसे शीर्ष पद तक पहुंच जाता है, तो उसकी आय 8 लाख से 15 लाख रुपये प्रति माह या उससे भी अधिक हो सकती है।

Leave a comment