अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मेसी (Lionel Messi) एक बार फिर भारत आने वाले हैं, और उनके दौरे को लेकर देशभर में जबरदस्त उत्साह है। वर्ष 2011 के बाद यह मेसी का पहला भारत दौरा होगा। उनका यह बहुप्रतीक्षित दौरा कोलकाता से शुरू होकर मुंबई, हैदराबाद और नई दिल्ली तक जाएगा।
स्पोर्ट्स न्यूज़: अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनल मेसी इस महीने भारत दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान मेसी धर्मार्थ कार्य के लिए मुंबई में रैंप वॉक करेंगे, जिसमें उनके जोड़ीदार लुइस सुआरेज भी हिस्सा लेंगे। रैंप वॉक के आयोजकों ने उनसे फीफा वर्ल्ड कप 2022 की कुछ खास यादगार वस्तुएं नीलामी के लिए लाने का अनुरोध किया है।
जी.ओ.ए.टी. इंडिया टूर 2025 के प्रमोटर सतादरू दत्ता ने मंगलवार को बताया कि मेसी, सुआरेज और अर्जेंटीना के मिडफील्डर रोड्रिगो डि पॉल 14 दिसंबर की रात 45 मिनट के फैशन शो में हिस्सा लेंगे।
मुंबई में होगा मेसी-सुआरेज का खास रैंप वॉक
मेसी इस दौरे के दौरान मुंबई में एक धर्मार्थ फैशन शो में हिस्सा लेंगे, जिसमें उनके साथ उरुग्वे के स्टार स्ट्राइकर लुइस सुआरेज (Luis Suárez) और अर्जेंटीना के मिडफील्डर रोड्रिगो डि पॉल (Rodrigo De Paul) भी नजर आएंगे। GOAT इंडिया टूर 2025 के प्रमोटर सतादरू दत्ता के अनुसार, यह कार्यक्रम 14 दिसंबर की रात आयोजित किया जाएगा और करीब 45 मिनट का यह विशेष फैशन शो होगा।
यह इवेंट मुंबई के प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम में शाम पांच बजे शुरू होगा। इससे पहले क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (CCI) में दोपहर साढ़े तीन बजे से पेडल कप का आयोजन किया जाएगा। यह पूरा कार्यक्रम सामाजिक और धर्मार्थ उद्देश्यों से जुड़ा होगा।
![]()
2022 फीफा विश्व कप की यादगार वस्तुएं नीलामी में
आयोजकों की ओर से मेसी से औपचारिक रूप से यह अनुरोध किया गया है कि वे 2022 फीफा वर्ल्ड कप जीत से जुड़ी कुछ खास यादगार वस्तुएं नीलामी के लिए उपलब्ध कराएं। इन वस्तुओं की नीलामी से होने वाली आय को समाजसेवा और जरूरतमंदों के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। गौरतलब है कि 2022 का विश्व कप मेसी के करियर का सबसे ऐतिहासिक पल रहा, जब उन्होंने अर्जेंटीना को 36 वर्षों बाद खिताबी जीत दिलाई थी। ऐसे में उस टूर्नामेंट से जुड़ी कोई भी वस्तु फुटबॉल प्रेमियों के लिए अमूल्य मानी जा रही है।
मेसी के भारत दौरे की शुरुआत कोलकाता से होगी। यहां उनकी अब तक की सबसे बड़ी 70 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। सुरक्षा कारणों से यह अनावरण टीम होटल से वर्चुअल माध्यम से किया जाएगा। पहले मेसी स्वयं श्रीभूमि जाकर इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे। मेसी शनिवार तड़के करीब 1:30 बजे कोलकाता पहुंचेंगे और ईएम बाईपास स्थित एक पांच सितारा होटल में ठहरेंगे। यहां प्रायोजकों के लिए सुबह 9:30 से 10:30 बजे तक मीट-एंड-ग्रीट कार्यक्रम आयोजित होगा।
दुर्गा पूजा सत्र के लिए तैयार किया गया 25×20 फीट का भित्ति चित्र (म्यूरल) भी उन्हें सॉल्ट लेक स्टेडियम में भेंट किया जाएगा। कोलकाता में होने वाले इस भव्य स्वागत कार्यक्रम में 70 हजार से अधिक दर्शकों के पहुंचने की संभावना है।
हैदराबाद और दिल्ली का कार्यक्रम
मीट-एंड-ग्रीट के बाद मेसी सॉल्ट लेक स्टेडियम जाएंगे और दोपहर 2 बजे हैदराबाद के लिए रवाना होंगे। हैदराबाद में वे शाम 7 बजे उप्पल स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित हैदराबाद GOAT कप के दौरान विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इस आयोजन को तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का भी समर्थन प्राप्त है।
इसके बाद मेसी नई दिल्ली पहुंचेंगे, जहां वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात करेंगे। दिल्ली में उनके सम्मान में एक नौ सदस्यीय सेलेब्रिटी मैच का भी आयोजन किया जाएगा।










