भारतीय एयरफोर्स में छह दशकों तक सेवा देने के बाद प्रतिष्ठित मिग-21 फाइटर प्लेन को 26 सितंबर को रिटायर किया जाएगा। इस मौके पर चंडीगढ़ एयरबेस से इसे अंतिम विदाई दी जाएगी और एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
नई दिल्ली: भारतीय वायुसेना से मिग-21 फाइटर जेट की विदाई होने जा रही है। छह दशकों से अधिक सेवा देने के बाद यह प्रतिष्ठित फाइटर प्लेन 26 सितंबर 2025 को रिटायर होगा। चंडीगढ़ एयरबेस पर आयोजित होने वाले विदाई समारोह में मिग-21 आखिरी बार आसमान में उड़ान भरेगा। इस ऐतिहासिक पल में स्क्वाड्रन लीडर प्रिया शर्मा भी शामिल होंगी और अंतिम उड़ान भरेंगी।
कौन हैं स्क्वाड्रन लीडर प्रिया शर्मा?
मिग-21 के विदाई समारोह के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस मौके पर 23 स्क्वाड्रन के छह जेट विमानों को लैंडिंग के समय वाटर कैनन सलामी दी जाएगी। फाइटर प्लेन अंतिम बार आसमान में बादल और पैंथर फॉर्मेशन में उड़ेंगे। विशेष रूप से एयर फोर्स चीफ एयर मार्शल एपी सिंह 'बादल 3' भी अंतिम उड़ान भरेंगे। महिला पायलट प्रिया शर्मा इस ऐतिहासिक फ्लाईपास्ट में हिस्सा लेंगी और कार्यक्रम को और भी यादगार बनाएंगी।

स्क्वाड्रन लीडर प्रिया शर्मा देश की 7वीं महिला फाइटर पायलट हैं। वह भारतीय वायुसेना की उन चुनिंदा महिला पायलटों में से हैं जिन्होंने फाइटर जेट उड़ाने का गौरव हासिल किया है। प्रिया शर्मा ने एयर फोर्स एकेडमी, डुंडीगल से ग्रेजुएशन किया और तत्कालीन सेना प्रमुख बिपिन रावत से ग्रेजुएशन सर्टिफिकेट प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने आधिकारिक रूप से फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में भारतीय वायुसेना में शामिल होकर अपना करियर शुरू किया।
प्रिया शर्मा की प्रारंभिक तैनाती हैदराबाद के हाकिमपेट एयरफोर्स स्टेशन में हुई थी। इसके बाद उन्हें कर्नाटक के बीदर वायुसेना स्टेशन में स्टेज 2 और स्टेज 3 की एडवांस्ड ट्रेनिंग दी गई। प्रिया ने इस दौरान जगुआर और हॉक जेट्स को उड़ाने का अनुभव प्राप्त किया, जिसने उन्हें प्रेरणा दी कि वे भी फाइटर पायलट बनें।











