केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘जी राम जी’ बिल पास को लेकर मीडिया से एक्सक्लूसिव बातचीत में महात्मा गांधी के विचारों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि विचार हैं। बीजेपी ने अपनी पंच निष्ठाओं में गांधी जी के दर्शन को स्वीकार किया है।
नई दिल्ली: केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) का नाम बदलकर G-RAM-G (ग्रामीण रोजगार और आत्मनिर्भर मिशन–गांधी) किए जाने को लेकर देश की राजनीति में बहस तेज हो गई है। विपक्ष जहां इसे महात्मा गांधी के नाम से छेड़छाड़ बता रहा है, वहीं सरकार इसे ग्रामीण भारत को मजबूत करने की नई सोच करार दे रही है। इसी मुद्दे पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से एक्सक्लूसिव बातचीत में सरकार का पक्ष विस्तार से रखा।
गांधी विचारधारा से प्रेरित है G-RAM-G: शिवराज
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महात्मा गांधी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार हैं। भाजपा अपनी पंच निष्ठाओं में गांधी दर्शन को स्वीकार करती है। उन्होंने कहा,
'गांधी जी कहते थे कि असली भारत गांवों में बसता है। गांव भारत की आत्मा हैं। अगर गांव खत्म हुए तो भारत खत्म हो जाएगा। उन्होंने हमेशा स्वावलंबी और आत्मनिर्भर गांवों की बात की। G-RAM-G नाम उसी विचारधारा को प्रतिबिंबित करता है।'
उनके मुताबिक, नई योजना का उद्देश्य ग्रामीण रोजगार को केवल मजदूरी तक सीमित न रखकर गांवों के समग्र विकास से जोड़ना है।
मनरेगा में थीं गंभीर कमियां
![]()
केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट कहा कि मनरेगा में कई व्यावहारिक और संरचनात्मक कमियां थीं। मनरेगा में पारदर्शिता का अभाव था। कई जगह मशीनों से काम होता था, लेकिन मजदूरों के नाम पर भुगतान दिखाया जाता था। पैसा ठेकेदारों तक पहुंच जाता था और असली मजदूरों का शोषण होता था,” उन्होंने आरोप लगाया।शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इन्हीं कमियों को दूर करने के लिए व्यापक चर्चा के बाद G-RAM-G योजना लाई गई है।
नाम बदलने पर हो रहे राजनीतिक विवाद को खारिज करते हुए शिवराज ने कहा कि यह कोई नई बात नहीं है। UPA सरकार में जवाहर रोजगार योजना का नाम बदला गया था। क्या उससे पंडित जवाहरलाल नेहरू का अपमान हो गया? कांग्रेस खुद नाम बदलती रही है, फिर आज इतना हंगामा क्यों? उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने 2009 के लोकसभा चुनाव के दौरान राजनीतिक लाभ के लिए मनरेगा में गांधी जी का नाम जोड़ा था।
G-RAM-G में क्या है नया?
शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, कांग्रेस ने भ्रष्टाचार और घोटालों का रिकॉर्ड बनाया है। उसे बापू का नाम लेने का नैतिक अधिकार नहीं है। गांधी जी ने आजादी के बाद कांग्रेस को भंग करने की बात कही थी। देश का विभाजन भी बापू के विचारों की हत्या था। उन्होंने कहा कि मनरेगा में मजदूरों को समय पर भुगतान नहीं मिलता था और योजना का उद्देश्य सही तरीके से पूरा नहीं हो पा रहा था। केंद्रीय मंत्री के अनुसार, नई G-RAM-G योजना में कई बड़े बदलाव किए गए हैं:
- 125 दिन रोजगार की गारंटी
- मजदूरी में देरी होने पर मुआवजे की कानूनी गारंटी
- बेरोजगारी भत्ते का स्पष्ट प्रावधान
- ग्राम सभा और पंचायत तय करेंगी कि गांव में कौन से काम होंगे
- गांव की जरूरतों के हिसाब से स्टाफ की नियुक्ति
उन्होंने बताया कि इस योजना को पीएम गतिशक्ति से जोड़ा गया है, ताकि गांवों का विकास राष्ट्रीय इंफ्रास्ट्रक्चर प्लान से जुड़ सके। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि नई योजना में टेक्नोलॉजी का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होगा। मोबाइल के जरिए लोगों को जानकारी मिलेगी कि कौन सा काम चल रहा है, कितने मजदूरों को रोजगार मिला और पैसा कहां खर्च हुआ। पंचायत भवन में भी काम और मजदूरों की पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।












