बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जुड़े हिजाब विवाद पर अब राष्ट्रीय राजनीति में भी प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने इस मुद्दे पर खुलकर अपनी बात रखी है।
UP News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक कार्यक्रम में मुस्लिम महिला डॉक्टर के चेहरे से नकाब हटाने के मामले पर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। इस घटना के खिलाफ विपक्ष और कई मुस्लिम संगठनों ने प्रतिक्रिया दी है। अब इस मामले पर उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लंबी पोस्ट लिखी है।
क्या है पूरा मामला?
हाल ही में बिहार में डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र बांटने के एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक मुस्लिम महिला डॉक्टर के चेहरे से नकाब हटाया था। इस घटना के बाद विपक्षी दलों के साथ-साथ कई मुस्लिम संगठनों ने तीखी प्रतिक्रिया दी। मामला महिला सम्मान, धार्मिक स्वतंत्रता और सार्वजनिक व्यवहार से जुड़ा होने के कारण तेजी से तूल पकड़ता गया।
मायावती का तीखा बयान
![]()
बसपा सुप्रीमो मायावती ने अपने पोस्ट में कहा कि यह मामला सुलझने के बजाय लगातार विवाद का रूप लेता जा रहा है, जो बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने लिखा कि मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से अपेक्षा की जाती है कि वे ऐसे संवेदनशील मामलों में तुरंत हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत करें।मायावती ने कहा,
'यह घटना पहली नजर में ही महिला सुरक्षा और सम्मान से जुड़ी हुई है। ऐसे मामलों में सीधे मुख्यमंत्री स्तर से हस्तक्षेप कर अब तक समाधान हो जाना चाहिए था। अच्छा होगा कि मुख्यमंत्री इस घटना को सही दृष्टिकोण से देखें, इसके लिए पश्चाताप करें और कड़वा होते जा रहे विवाद को यहीं खत्म करने का प्रयास करें।'
मायावती ने अपने बयान में यह भी संकेत दिया कि देश के विभिन्न हिस्सों से महिलाओं के साथ जुड़ी अन्य घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में किसी भी सार्वजनिक मंच पर महिला की गरिमा और निजी आस्था का सम्मान किया जाना बेहद जरूरी है। उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से यह संदेश दिया कि सत्ता में बैठे लोगों को अपने व्यवहार और शब्दों को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए।
मायावती ने उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में पुलिस परेड के दौरान एक कथावाचक को गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने के मामले पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पुलिस परेड और सलामी की अपनी परंपरा, नियम और अनुशासन होते हैं, जिनसे खिलवाड़ नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने यह जरूर माना कि यूपी के पुलिस महानिदेशक ने इस मामले का संज्ञान लेकर जिला पुलिस कप्तान से जवाब तलब किया है, लेकिन साथ ही सरकार से अपेक्षा जताई कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जाए।











