MP Guest Teacher Recruitment 2026 के लिए 11 मई तक आवेदन, नए और पुराने अभ्यर्थियों को मौका

मध्य प्रदेश गेस्ट टीचर भर्ती 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी। नए और पुराने अभ्यर्थी 11 मई तक रजिस्ट्रेशन और प्रोफाइल अपडेट कर सकते हैं।

मध्य प्रदेश में गेस्ट टीचर के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। नए और पुराने दोनों अभ्यर्थी 11 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन या प्रोफाइल अपडेट कर सकते हैं। भर्ती प्रक्रिया GFMS पोर्टल 3.0 के जरिए पूरी की जाएगी।

नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में गेस्ट टीचर भर्ती 2026 के तहत अतिथि शिक्षकों के खाली पदों को भरने के लिए आवेदन मांगे गए हैं। पात्र उम्मीदवार 11 मई तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं, जबकि पहले से कार्यरत गेस्ट टीचर्स को भी पोर्टल 3.0 पर प्रोफाइल अपडेट और नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

11 मई तक कराना होगा नया रजिस्ट्रेशन

नए उम्मीदवारों को 2 मई से 11 मई 2026 के बीच पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन, ई-केवाईसी और शैक्षणिक योग्यता से जुड़े दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इसी अवधि में संकुल प्राचार्य द्वारा आवेदन में दर्ज जानकारी का सत्यापन भी किया जाएगा।

वहीं पुराने आवेदकों को प्रोफाइल अपडेट करने, जरूरी सुधार करने और अनुभव से जुड़ी जानकारी दर्ज करने के लिए 12 मई से 22 मई 2026 तक का समय दिया गया है। पोर्टल 2.0 पर पंजीकृत ऐसे उम्मीदवार, जिन्होंने पिछले सत्र में पोर्टल 3.0 पर रजिस्ट्रेशन नहीं किया था, वे भी इसी अवधि में प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।

इसके अलावा एक से अधिक यूजर आईडी वाले अभ्यर्थियों के अनुभव मर्ज रिक्वेस्ट का सत्यापन और बंद मोबाइल नंबर बदलने की सुविधा भी 12 से 22 मई तक उपलब्ध रहेगी।

भर्ती के लिए क्या है पात्रता

गेस्ट टीचर भर्ती में आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से ग्रेजुएशन की डिग्री होना जरूरी है। इसके साथ B.Ed या D.El.Ed पास होना चाहिए।

अभ्यर्थी ने मध्य प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (MP TET) 2018 या उसके बाद उत्तीर्ण की हो। विस्तृत योग्यता और विषयवार नियमों की जानकारी के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक नोटिफिकेशन जरूर देखना चाहिए।

ऐसे भर सकते हैं आवेदन फॉर्म

आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक पोर्टल GFMS Portal पर जाना होगा। यहां मांगी गई जानकारी भरकर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

भर्ती प्रक्रिया की खास बात यह है कि आवेदन पूरी तरह निशुल्क रखा गया है। उम्मीदवारों को किसी प्रकार का आवेदन शुल्क जमा नहीं करना होगा।

Leave a comment