भारतीय गणितज्ञ नीना गुप्ता को TIME100 Next India 2026 की सूची में जगह मिली है। उन्होंने लगभग सात दशक पुरानी गणित की जारिस्की कैंसिलेशन प्रॉब्लम के एक महत्वपूर्ण रूप का समाधान खोजकर दुनिया में पहचान बनाई। उनकी उपलब्धियां विज्ञान और गणित में करियर बनाने वाली लड़कियों के लिए प्रेरणा हैं।
Neena Gupta Success Story: गणित के मुश्किल सवालों से जहां कई छात्र परेशान हो जाते हैं, वहीं भारतीय गणितज्ञ नीना गुप्ता ने इसी विषय को अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा लक्ष्य बना लिया। कोलकाता की रहने वाली नीना ने गणित की एक ऐसी समस्या पर महत्वपूर्ण खोज की, जिसका समाधान दशकों से दुनिया के बड़े गणितज्ञ तलाश रहे थे। अब उनकी उपलब्धियों को एक और पहचान मिली है। नीना गुप्ता को प्रतिष्ठित TIME100 Next India 2026 की सूची में शामिल किया गया है।
कौन हैं गणितज्ञ नीना गुप्ता?
नीना गुप्ता का जन्म 24 नवंबर 1984 को कोलकाता में हुआ था। बचपन से ही उन्हें गणित में रुचि थी। उनके परिवार में पढ़ाई का अच्छा माहौल था और माता-पिता भी गणित को महत्व देते थे। यही वजह रही कि उन्होंने इस विषय को केवल परीक्षा पास करने का जरिया नहीं, बल्कि अपनी रुचि का हिस्सा बनाया।
![]()
नीना ने वर्ष 2006 में कोलकाता के बेथ्यून कॉलेज से गणित में बीएससी ऑनर्स की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने इंडियन स्टैटिस्टिकल इंस्टीट्यूट (ISI), कोलकाता में दाखिला लिया और 2008 में गणित में मास्टर डिग्री हासिल की।
पढ़ाई के दौरान उनकी दिलचस्पी गणित के कठिन सिद्धांतों को समझने में बढ़ती गई। उन्होंने 2011 में आईएसआई कोलकाता से पीएचडी पूरी की। उनके शोध का प्रमुख विषय बीजगणित था।
70 साल पुरानी गणित की कौन सी पहेली सुलझाई?
नीना गुप्ता को सबसे ज्यादा पहचान जारिस्की कैंसिलेशन प्रॉब्लम पर किए गए शोध से मिली। यह गणित की बीजगणितीय ज्यामिति से जुड़ी महत्वपूर्ण समस्या है।
इस सवाल का एक रूप वर्ष 1949 में प्रसिद्ध गणितज्ञ ऑस्कर जारिस्की ने प्रस्तुत किया था। आसान भाषा में समझें तो सवाल यह था कि यदि दो गणितीय आकृतियों में एक अतिरिक्त आयाम जोड़ने के बाद वे एक जैसी हो जाती हैं, तो क्या वे मूल रूप से भी एक जैसी थीं?
यह सवाल सुनने में सामान्य लग सकता है, लेकिन गणितीय रूप से इसका जवाब निकालना बेहद कठिन था। लंबे समय तक कई गणितज्ञ इसके समाधान की तलाश करते रहे।
वर्ष 2014 में नीना गुप्ता ने इस समस्या के एक महत्वपूर्ण रूप में दिखाया कि विशेष गणितीय परिस्थितियों में इसका जवाब 'नहीं' हो सकता है।
उन्होंने गणितज्ञ ताकानोरी असानुमा द्वारा तैयार की गई त्रि-आयामी बीजगणितीय संरचना की सहायता से एक प्रतिउदाहरण प्रस्तुत किया। उनकी खोज ने सकारात्मक कैरेक्टरिस्टिक वाले क्षेत्रों में इस समस्या को समझने का नया रास्ता खोला।
नीना गुप्ता को मिल चुके हैं कई बड़े पुरस्कार
गणित के क्षेत्र में नीना गुप्ता के योगदान को भारत और विदेशों में सराहा गया है। वर्ष 2014 में उन्हें इंडियन नेशनल साइंस एकेडमी का युवा वैज्ञानिक पुरस्कार मिला था।
इसके बाद 2019 में उन्हें गणितीय विज्ञान के लिए शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वर्ष 2021 में युवा गणितज्ञों के लिए प्रतिष्ठित रामानुजन पुरस्कार भी उनके नाम रहा।
उन्हें नारी शक्ति पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है। इसके अलावा वर्ष 2024 में गणितीय विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध के लिए इन्फोसिस पुरस्कार मिला।
गणित और विज्ञान पढ़ने वाली लड़कियों के लिए बनीं मिसाल
नीना गुप्ता की सफलता केवल एक कठिन गणितीय समस्या का समाधान खोजने तक सीमित नहीं है। उनकी उपलब्धियां उन छात्राओं के लिए भी महत्वपूर्ण हैं, जो विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती हैं।
इन क्षेत्रों को सामूहिक रूप से STEM कहा जाता है। नीना ने अपने शोध के जरिए दिखाया है कि गणित जैसे विषय में भी भारतीय महिलाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं।
उनकी कहानी बताती है कि किसी कठिन विषय में सफलता पाने के लिए लगातार सीखने, सवाल पूछने और नए समाधान तलाशने की जरूरत होती है।
कोलकाता की एक छात्रा से अंतरराष्ट्रीय पहचान हासिल करने वाली गणितज्ञ बनने तक नीना गुप्ता का सफर शिक्षा और शोध के महत्व को सामने लाता है।










