नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह आज, 22 नवंबर 2026 को भारत के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। करीब 25 घंटे की यात्रा में उनकी पीएम मोदी से मुलाकात होगी। आर्थिक सहायता, हवाई मार्ग, रेल संपर्क और जलविद्युत परियोजनाओं पर अहम बातचीत होने की उम्मीद है।:
काठमांडूं: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह, जिन्हें बालेन शाह के नाम से जाना जाता है, रविवार को भारत की अपनी पहली द्विपक्षीय यात्रा पर आ रहे हैं। उनका यह दौरा 22 और 23 नवंबर तक चलेगा, लेकिन वह दिल्ली में केवल करीब 25 घंटे बिताएंगे। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी महत्वपूर्ण बैठक होगी। नेपाल की नजर भारत से करीब 2 अरब डॉलर के आर्थिक सहयोग और नए हवाई मार्गों की मंजूरी हासिल करने पर है।
सिर्फ 25 घंटे दिल्ली में रहेंगे बालेन शाह
बालेन शाह का भारत दौरा पहले तीन दिनों का प्रस्तावित था, लेकिन बाद में इसे छोटा कर दिया गया। अब वह रविवार दोपहर नेपाल एयरलाइंस की नियमित उड़ान से काठमांडू से दिल्ली पहुंचेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, शाह रविवार शाम विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे। सोमवार को राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत होगा। इसके बाद वह राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे।
प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक हैदराबाद हाउस में होगी। दोनों नेता समझौतों और सहयोग से जुड़े दस्तावेजों का आदान-प्रदान भी कर सकते हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के बाद शाह सोमवार शाम काठमांडू लौट जाएंगे।
भारत से 2 अरब डॉलर का आर्थिक पैकेज चाहता है नेपाल
बालेन शाह की इस यात्रा में सबसे अहम मुद्दा आर्थिक सहयोग है। नेपाल ने भारत से करीब 2 अरब डॉलर की सहायता मांगी है। इसमें रियायती कर्ज और अनुदान दोनों शामिल हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नेपाल लगभग एक अरब डॉलर की क्रेडिट लाइन ऊर्जा और बुनियादी ढांचे की परियोजनाओं के लिए चाहता है। इसके अलावा 50 करोड़ डॉलर के अनुदान और बाढ़ से प्रभावित इलाकों के पुनर्निर्माण के लिए अतिरिक्त 50 करोड़ डॉलर की सहायता का प्रस्ताव भी चर्चा में है।
भारत ने इस आर्थिक पैकेज को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं। हालांकि, अंतिम रकम और शर्तों की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। नेपाल को उम्मीद है कि इस सहायता से सड़क, बिजली, परिवहन और आपदा प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण का काम तेज हो सकेगा।
नए हवाई मार्गों पर क्यों अटकी बातचीत?
![]()
आर्थिक सहायता के अलावा दोनों देशों के बीच हवाई मार्गों को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा होनी है। नेपाल चाहता है कि भारत उसे अपने हवाई क्षेत्र से अतिरिक्त प्रवेश मार्ग इस्तेमाल करने की अनुमति दे। इससे पोखरा और भैरहवा जैसे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों तक विमानों की आवाजाही आसान हो सकेगी। फिलहाल दोनों पक्ष इस व्यवस्था के तकनीकी और सुरक्षा पहलुओं पर बातचीत कर रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत ने विमानों के लिए 39,000 फीट की ऊंचाई का प्रस्ताव दिया है, जबकि नेपाल करीब 29,000 फीट की ऊंचाई चाहता है। वहीं, भारत ने बागडोगरा के पास नेपाली हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल का मुद्दा उठाया है। नेपाली अधिकारियों के अनुसार, नागरिक विमानों को अनुमति देने पर सकारात्मक रुख है, लेकिन सैन्य विमानों की आवाजाही को लेकर आपत्ति बनी हुई है।
अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा और बिजली परियोजनाओं पर नजर
भारत और नेपाल के बीच रेल और सड़क संपर्क बढ़ाने के प्रस्ताव भी बातचीत में शामिल हैं। अयोध्या से जनकपुर के बीच सीधी रेल सेवा शुरू करने की तैयारी पर चर्चा हो रही है। इसके अलावा सीमा पर एकीकृत जांच चौकियों, पुलों और पेट्रोलियम पाइपलाइन परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की संभावना है। लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना और सिलिगुड़ी से नेपाल तक पेट्रोलियम पाइपलाइन से जुड़े कामों पर भी महत्वपूर्ण घोषणा हो सकती है।
दोनों देश व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और आपदा प्रबंधन के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं। भारत ने एक साझा विजन डॉक्यूमेंट का प्रस्ताव भी दिया है, जिसमें आर्थिक विकास, ऊर्जा और सीमा पार संपर्क को प्राथमिकता देने की बात है।
क्या सीमा विवाद का मुद्दा उठाएंगे नेपाली प्रधानमंत्री?
नेपाल और भारत के बीच कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा को लेकर लंबे समय से सीमा विवाद है। बालेन शाह की यात्रा के दौरान यह मुद्दा चर्चा में आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, दोनों सरकारों की ओर से यह पुष्टि नहीं की गई है कि सोमवार की द्विपक्षीय बैठक में सीमा विवाद पर कोई औपचारिक समझौता होगा।
नेपाल के लिए यह मुद्दा राजनीतिक रूप से संवेदनशील है। ऐसे में शाह सरकार को घरेलू राजनीति और भारत के साथ संबंधों के बीच संतुलन बनाकर चलना होगा।
भारत-नेपाल संबंधों के लिए क्यों अहम है यह दौरा?
मार्च 2026 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद बालेन शाह की यह पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है। ऐसे समय में उनका भारत आना महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जब नेपाल में नई राजनीतिक पीढ़ी सत्ता में पहुंची है। भारत नेपाल का प्रमुख व्यापारिक और विकास साझेदार है। दोनों देशों के बीच खुली सीमा, धार्मिक संबंध और लोगों की नियमित आवाजाही रिश्तों को विशेष बनाते हैं।
शाह के दौरे में आर्थिक मदद के साथ भविष्य की विकास परियोजनाओं पर सहमति बनने की उम्मीद है। हालांकि, हवाई मार्ग और सीमा विवाद जैसे मुद्दों पर अंतिम फैसला दोनों पक्षों की बातचीत पर निर्भर करेगा।








