BMC चुनाव में महायुति ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। नतीजों के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अमित साटम को बधाई दी। पहली बार मुंबई में बीजेपी का मेयर बनने जा रहा है।
BMC Election Result: मुंबई महानगरपालिका यानी BMC चुनाव के नतीजों ने महाराष्ट्र की राजनीति में नया संदेश दिया है। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और महायुति गठबंधन ने बड़ी और निर्णायक जीत दर्ज की है। नतीजों के सामने आते ही पूरे राज्य में राजनीतिक हलचल तेज हो गई। इस जीत के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बेहद उत्साहित नजर आए और उन्होंने सबसे पहले मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम से सीधे संपर्क किया।
सीएम फडणवीस का पहला रिएक्शन
BMC चुनाव में महायुति की जीत की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम को फोन किया। यह बातचीत वीडियो कॉल पर हुई। कॉल के दौरान मुख्यमंत्री ने बेहद सहज और उत्साहपूर्ण अंदाज में अमित साटम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अमित बहुत बधाई आपको। किसी भी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है। आपने बहुत अच्छा काम किया है। यह जीत शानदार है।
जीत से गदगद नजर आए मुख्यमंत्री
देवेंद्र फडणवीस इस जीत से काफी खुश दिखाई दिए। उन्होंने इसे सिर्फ एक चुनावी सफलता नहीं बल्कि जनता के भरोसे की जीत बताया। मुख्यमंत्री का मानना है कि BMC चुनाव के नतीजे यह दिखाते हैं कि मुंबई की जनता ने विकास को प्राथमिकता दी है।
जनता को दिया धन्यवाद
सीएम फडणवीस ने सिर्फ पार्टी नेताओं को ही नहीं बल्कि मुंबई और पूरे महाराष्ट्र की जनता को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि जनता ने विकास के नाम पर वोट दिया है और यह भरोसा बीजेपी और महायुति के लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी भी है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि बीजेपी जनता की उम्मीदों पर खरी उतरेगी और मुंबई के विकास की रफ्तार को और तेज किया जाएगा।
मुंबई में पहली बार बीजेपी का मेयर
BMC चुनाव के नतीजों के साथ ही मुंबई की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। पहली बार ऐसा होने जा रहा है जब मुंबई में बीजेपी का मेयर बनेगा। यह पार्टी के लिए एक ऐतिहासिक पल माना जा रहा है।

बीजेपी ने इससे पहले कभी BMC में इतनी बड़ी जीत दर्ज नहीं की थी। इस बार का जनादेश पार्टी के लिए संगठनात्मक मजबूती और जनता के समर्थन का संकेत है।
नागपुर में नितिन गडकरी से मुलाकात
BMC और नगर निगम चुनावों में महायुति की बड़ी जीत के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शाम करीब 7 बजे नागपुर पहुंचने वाले हैं। वहां उनकी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात प्रस्तावित है।
विधानसभा स्पीकर राहुल नार्वेकर की प्रतिक्रिया
BMC चुनाव के नतीजों पर महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर राहुल नार्वेकर ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मुंबई के वोटर्स का धन्यवाद किया और कहा कि यह जनादेश मुंबई के विकास के लिए दिया गया है।
राहुल नार्वेकर ने कहा कि मेट्रो रेल नेटवर्क, कोस्टल रोड और ट्रांस हार्बर लिंक जैसे अहम projects ने मुंबई की जनता का भरोसा जीता है। उनके अनुसार यह नतीजा इस बात का संकेत है कि लोग विकास से जुड़े कामों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
विकास कार्यों पर जनता का भरोसा
स्पीकर राहुल नार्वेकर ने यह भी कहा कि मुंबई के लोगों ने जिन projects को अपनी आंखों से आगे बढ़ते देखा है, उन्हीं के आधार पर वोट दिया है। उनके अनुसार यह जीत सरकार के लिए एक अवसर भी है और जिम्मेदारी भी कि वह इन projects को समय पर और बेहतर तरीके से पूरा करे।
BMC चुनाव में पार्टियों की रणनीति
BMC चुनाव में बीजेपी ने 136 वार्ड में चुनाव लड़ा था। वहीं शिवसेना के शिंदे गुट ने 89 वार्ड में अपने उम्मीदवार उतारे। महायुति गठबंधन ने कुछ वार्ड में उम्मीदवार नहीं उतारे ताकि आपसी तालमेल बना रहे। वार्ड 145, 167, 211 और 212 में गठबंधन की ओर से कोई उम्मीदवार नहीं उतारा गया। इसके अलावा वार्ड 34, 173 और 225 में दोस्ताना मुकाबला देखने को मिला।
विपक्षी दलों की स्थिति
दूसरी ओर शिवसेना UBT ने 164 वार्ड में चुनाव लड़ा। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना यानी MNS ने 52 वार्ड में उम्मीदवार उतारे। वहीं NCP के शरद पवार गुट ने 12 वार्ड में चुनाव लड़ा। हालांकि इन दलों को BMC चुनाव में अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी। नतीजों ने साफ कर दिया कि इस बार मुकाबले में महायुति भारी पड़ी।












