मुंबई को अक्सर सुरक्षित और जागरूक शहर माना जाता है, लेकिन हाल ही में सामने आई एक घटना ने इस धारणा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिनेत्री निमिषा नायर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए दावा किया कि उनके साथ मुंबई की सड़क पर बदसलूकी की गई।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: मुंबई में अभिनेत्री निमिषा नायर के साथ हुई एक कथित छेड़छाड़ और धमकी की घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ‘भय – द गौरव तिवारी मिस्ट्री’ और ‘मिसेज देशपांडे’ जैसी फिल्मों में काम कर चुकीं नायर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए बताया कि देर रात सड़क पर कुछ युवकों ने उनकी कार रोकने की कोशिश की और उन्हें डराने-धमकाने लगे।
यह घटना उस समय हुई जब अभिनेत्री कैब से घर लौट रही थीं। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला तेजी से वायरल हो गया और सोशल मीडिया पर लोगों ने महिला सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।
कब और कहां हुई घटना
अभिनेत्री के अनुसार यह घटना बुचवार तड़के करीब 4:50 बजे की है। वह मुंबई के बांद्रा ईस्ट इलाके में खेरवाड़ी फ्लाईओवर के पास कैब से जा रही थीं, तभी दो युवक स्कूटी से उनकी गाड़ी के सामने आ गए। नायर ने बताया कि शुरुआत में मामला ओवरटेक को लेकर हुआ, लेकिन कुछ ही मिनटों में विवाद बढ़ गया। युवकों ने बीच सड़क पर अपनी स्कूटी खड़ी कर दी और कैब ड्राइवर से बहस करने लगे। अभिनेत्री का आरोप है कि दोनों युवक नशे में लग रहे थे और लगातार गालियां दे रहे थे।
कार का दरवाजा खोलने की कोशिश का आरोप
नायर के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद युवकों ने गाड़ी के दरवाजे खोलने की कोशिश की और बार-बार खिड़की नीचे करने को कहा। सुरक्षा के डर से उन्होंने और कैब ड्राइवर ने खिड़की नहीं खोली। उन्होंने वीडियो में कहा कि ऐसी स्थिति में उन्हें काफी डर लगा क्योंकि सड़क पर उस समय ज्यादा लोग मौजूद नहीं थे।
अभिनेत्री ने यह भी बताया कि अगर कैब ड्राइवर ने संयम नहीं रखा होता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। वीडियो में कथित तौर पर दोनों युवक गुस्से में चिल्लाते हुए दिखाई देते हैं, जिससे घटना का माहौल तनावपूर्ण नजर आता है।

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
नायर ने दावा किया कि इस साल की शुरुआत में भी उनके साथ इसी तरह की घटना हो चुकी है। उन्होंने बताया कि पहले कोलाबा इलाके में एक व्यक्ति ने उनके साथ बदसलूकी की थी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। नई घटना के बाद उन्होंने फिर से शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन ऑनलाइन सिस्टम में तकनीकी दिक्कतों और व्यस्त कार्यक्रम के कारण प्रक्रिया में देरी हुई। अभिनेत्री ने कहा कि बार-बार ऐसी घटनाएं होना चिंता की बात है, खासकर ऐसे शहर में जिसे आम तौर पर सुरक्षित माना जाता है।
पुलिस की प्रतिक्रिया
घटना सामने आने के बाद अभिनेत्री ने बताया कि उन्हें मुंबई पुलिस की ओर से फोन आया। पुलिस ने उनसे पूरी जानकारी मांगी ताकि जांच आगे बढ़ाई जा सके। नायर के अनुसार, पुलिस ने उनसे कहा कि कैब ड्राइवर की तरफ से भी शिकायत दर्ज होना जरूरी है, ताकि कानूनी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने पुलिस से आग्रह किया कि उपलब्ध वीडियो और विवरण के आधार पर भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।








