एक दौर था जब गोविंदा इंडस्ट्री के नंबर 1 हीरो माने जाते थे और उनका जबरदस्त स्टारडम था। सफलता की बुलंदियों पर पहुंचने के साथ ही उनके नाम से कई तरह की चर्चाएं और अफवाहें भी जुड़ने लगीं।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: 80 और 90 के दशक में बॉलीवुड की कई जोड़ियां दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय थीं। इनमें Neelam Kothari और Govinda की जोड़ी भी खास रही। दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया और उनकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया। इसी दौरान दोनों के बीच कथित रोमांस की खबरें भी फिल्मी गलियारों में चर्चा का विषय बन गई थीं। अब कई साल बाद नीलम कोठारी ने इन पुराने लिंकअप रूमर्स पर खुलकर बात की है।
फिल्मों में हिट थी गोविंदा और नीलम की जोड़ी
गोविंदा और नीलम कोठारी ने अपने करियर के शुरुआती दौर में कई फिल्मों में साथ काम किया। ‘इल्जाम’, ‘लव 86’ और ‘खुदगर्ज’ जैसी फिल्मों में दोनों की जोड़ी को पसंद किया गया। पर्दे पर उनकी सहज केमिस्ट्री के चलते जल्द ही उनके कथित अफेयर की खबरें भी सामने आने लगीं। उस दौर में गोविंदा बॉलीवुड के बड़े सितारों में शामिल थे और उनकी फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर अच्छा रिस्पॉन्स मिलता था। ऐसे में उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी खबरों को लेकर भी दर्शकों की दिलचस्पी बनी रहती थी। नीलम के साथ उनके रिश्ते की अफवाहें भी लंबे समय तक चर्चा में रहीं।
गोविंदा ने खुद एक पुराने इंटरव्यू में नीलम के लिए अपनी भावनाओं का जिक्र किया था। हालांकि, नीलम ने अब स्पष्ट किया है कि उस दौर में उनकी स्थिति क्या थी और वह इन बातों को किस नजरिए से देखती थीं।
नीलम बोलीं- मैं काफी छोटी थी
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में नीलम कोठारी से गोविंदा के साथ उनके कथित रिश्ते और उस समय की चर्चाओं को लेकर सवाल किया गया। अभिनेत्री ने उस दौर को याद करते हुए कहा कि वह काफी युवा थीं। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें उस समय इस बात की जानकारी नहीं थी कि गोविंदा शादीशुदा हैं। नीलम के मुताबिक, उन्हें गोविंदा की शादी के बारे में काफी बाद में पता चला। उन्होंने यह भी बताया कि उस समय उनका पूरा ध्यान अपने करियर और हिंदी भाषा सीखने पर था।
अभिनेत्री ने कहा कि उनके माता-पिता काफी सख्त थे। ऐसे माहौल में रिलेशनशिप उनके लिए कोई विकल्प नहीं था। उन्होंने संकेत दिया कि फिल्मों में व्यस्त रहने और परिवार की पाबंदियों के कारण उस उम्र में वह किसी रिश्ते के बारे में सोच भी नहीं रही थीं।

'मेरे माता-पिता काफी सख्त थे'
नीलम ने बताया कि अभिनय की दुनिया में कदम रखने के बाद उनकी प्राथमिकताएं बिल्कुल अलग थीं। वह अपने काम पर ध्यान दे रही थीं और हिंदी सीखने की कोशिश कर रही थीं। ऐसे में कथित प्रेम संबंधों को लेकर चल रही चर्चाएं उनकी वास्तविक प्राथमिकताओं से अलग थीं। उनकी बातों से यह साफ होता है कि गोविंदा के साथ उनके रिश्ते को लेकर वर्षों से चली आ रही चर्चाओं को वह उसी नजरिए से नहीं देखतीं, जैसा उस समय फिल्मी दुनिया में बताया जाता था।
पति समीर सोनी ने भी रखी अपनी बात
इस बातचीत में नीलम के पति और अभिनेता Sameer Soni भी मौजूद थे। उन्होंने भी गोविंदा और नीलम से जुड़ी पुरानी अफवाहों पर प्रतिक्रिया दी। समीर सोनी ने कहा कि दशकों पुरानी ऐसी बातों पर विचार करने का कोई खास कारण नहीं है, जिनकी वास्तविकता को लेकर ही निश्चित जानकारी उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें यह नहीं पता कि करीब 20 साल पहले वास्तव में क्या हुआ था, इसलिए इस विषय पर टिप्पणी करना उनके लिए मुश्किल है। हालांकि, उन्होंने इस बात का जिक्र जरूर किया कि गोविंदा आज भी यह कहते रहे हैं कि वह नीलम के प्यार में थे।
नीलम कोठारी के बयान के बीच गोविंदा का पुराना इंटरव्यू भी एक बार फिर चर्चा में आ गया है। 90 के दशक में ‘स्टारडस्ट’ को दिए इंटरव्यू में गोविंदा ने नीलम के प्रति अपनी भावनाओं का जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि साथ में कई फिल्में करने और लगातार मिलने-जुलने के कारण उनके बीच लगाव बढ़ता गया। गोविंदा ने नीलम की तारीफ करते हुए कहा था कि वह ऐसी महिला थीं, जिनके प्रति कोई भी पुरुष आकर्षित हो सकता है और वह खुद भी उनके प्रति भावनाएं विकसित कर बैठे थे।











