नेपाल की स्वास्थ्य मंत्री निशा मेहता का शैक्षणिक और पेशेवर सफर काफी मजबूत रहा है। उन्होंने भारत के AIIMS से बीएससी नर्सिंग और ग्वालियर विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएशन किया। नेपाल में स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा क्षेत्र में अनुभव के बाद अब उन्हें बड़ी राजनीतिक जिम्मेदारी सौंपी गई है।
Nisha Mehta Education and Career: नेपाल की नई स्वास्थ्य मंत्री निशा मेहता ने भारत के प्रतिष्ठित संस्थानों से मेडिकल शिक्षा हासिल कर स्वास्थ्य क्षेत्र में मजबूत पहचान बनाई है। नई दिल्ली के AIIMS से बीएससी नर्सिंग और ग्वालियर विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने नेपाल में नर्स और शिक्षिका के रूप में काम किया। 2026 के चुनाव में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के साथ राजनीति में आने के बाद उन्हें स्वास्थ्य मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई, जो उनके अनुभव और योग्यता को दर्शाता है।
भारत से पढ़ाई, मजबूत मेडिकल बैकग्राउंड
नेपाल की स्वास्थ्य मंत्री निशा मेहता की शिक्षा और प्रोफेशनल ट्रेनिंग काफी मजबूत मानी जाती है। उन्होंने नई दिल्ली स्थित AIIMS कॉलेज ऑफ नर्सिंग से बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई पूरी की, जो देश के सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल संस्थानों में गिना जाता है।
इसके बाद उन्होंने मध्य प्रदेश के ग्वालियर विश्वविद्यालय से नर्सिंग में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। उन्होंने कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान संस्थान से एमएससी (ऑब्स एंड गायनी) की डिग्री हासिल की, जिससे उनके मेडिकल ज्ञान और विशेषज्ञता को और मजबूती मिली।
![]()
नेपाल में हेल्थ सेक्टर का अनुभव
पढ़ाई पूरी करने के बाद निशा मेहता नेपाल लौट गईं और स्वास्थ्य क्षेत्र में सक्रिय रूप से काम किया। उन्होंने बी.पी. कोइराला स्वास्थ्य विज्ञान संस्थान में करीब तीन साल तक नर्स के तौर पर सेवाएं दीं, जहां उन्हें जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य व्यवस्था को समझने का अवसर मिला।
इसके बाद उन्होंने बिराटनगर के बिराट टीचिंग अस्पताल में नर्स और एसोसिएट प्रोफेसर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने न केवल मरीजों की सेवा की, बल्कि मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में भी योगदान दिया।
राजनीति में एंट्री और बड़ी जिम्मेदारी
निशा मेहता का राजनीतिक सफर भी तेजी से आगे बढ़ा है। उनका जन्म 7 अगस्त 1987 को कोशी प्रांत के सुनसरी जिले में हुआ था। उन्होंने 2026 के आम चुनाव में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी से चुनाव लड़ा और प्रतिनिधि सभा के लिए चुनी गईं।
राजनीति में आने के बाद उन्हें सीधे स्वास्थ्य, जनसंख्या और जल आपूर्ति मंत्रालय जैसी अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह दर्शाता है कि सरकार उनके अनुभव और क्षमता पर भरोसा जता रही है।











