एम. के. स्टालिन, जो द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के अध्यक्ष भी हैं, ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया। इस मौके पर उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी 234 में से 200 से अधिक सीटें जीतकर फिर से सरकार बनाएगी।
चेन्नई: तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। राज्य के मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के अध्यक्ष M. K. Stalin ने पार्टी का बहुप्रतीक्षित चुनाव घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इस घोषणापत्र में सामाजिक कल्याण, आर्थिक सहायता, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे कई अहम क्षेत्रों पर फोकस किया गया है।
घोषणापत्र जारी करते हुए एम.के. स्टालिन ने विश्वास जताया कि उनकी पार्टी 234 सदस्यीय विधानसभा में 200 से अधिक सीटें जीतकर फिर से सत्ता में वापसी करेगी।
जानिए इस मेनिफेस्टो की खास बातें
![]()
- CM फ्री ब्रेक फ़ास्ट स्कीम कक्षा 8 तक बढ़ाई जाएगी।
- महिलाओं के लिए मासिक आर्थिक सहायता 1000 रुपये से बढ़ाकर 2000 रुपये की जाएगी।
- अगले पांच वर्षों में 10 लाख नए घर बनाए जाएँगे।
- CM की चिकित्सा बीमा योजना में वार्षिक आय की सीमा बढ़ाकर 5 लाख रुपये की जाएगी।
- 'पुधुमई पेन' और 'तमिल पुधलवन' योजना के तहत, मासिक वित्तीय सहायता को 1000 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये किया जाएगा।
- दूध खरीद की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की जाएगी।
- बुजुर्गों के लिए पेंशन योजना की राशि 1200 रुपये से बढ़ाकर 2000 रुपये की जाएगी।
- दिव्यांगों को मिलने वाली वित्तीय सहायता को भी 1500 रुपये से बढ़ाकर 2000 रुपये किया जाएगा।
- 50 लाख युवाओं के लिए रोज़गार के अवसर पैदा करने के लिये,18 लाख करोड़ रुपये का विदेशी निवेश की व्यवस्था की जाएगी।
- अगले 5 वर्षों में 10,000 नई बसें चालू हो जाएंगी।
- पोल्लाची में हिंदी-विरोधी आंदोलनों से संबंधित एक संग्रहालय स्थापित किया जाएगा।
- सरकार में 1.5 लाख रिक्तियां भरी जाएंगी।
- उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे करीब 35 लाख छात्रों को लैपटॉप दिए जाएंगे।
- धान का खरीद मूल्य 3,500 रुपये प्रति क्विंटल और गन्ने का 4,500 रुपये प्रति टन करने का आश्वासन।
- 20 लाख से अधिक किसानों को बिना मीटर वाले मुफ्त आधुनिक इलेक्ट्रिक पंप सेट दिए जाएंगे।
- कलैग्नारिन कनावु इल्लम: 2030 तक तमिलनाडु को झोपड़ी मुक्त बनाने के लिए 10 लाख नए कंक्रीट के घर बनाए जाएंगे।
‘इल्लथारसी’ कूपन योजना बनी मुख्य आकर्षण
DMK के घोषणा पत्र का सबसे बड़ा आकर्षण ‘इल्लथारसी’ कूपन योजना है। इस योजना के तहत आयकर दायरे से बाहर आने वाले परिवारों की महिला मुखिया को 8,000 रुपये का एकमुश्त कूपन दिया जाएगा। इस कूपन का उपयोग घरेलू उपकरण जैसे टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, मिक्सर, माइक्रोवेव ओवन और इंडक्शन स्टोव खरीदने के लिए किया जा सकेगा। यह योजना विशेष रूप से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और घरेलू जीवन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से तैयार की गई है।











