नेशनल हेराल्ड केस में दिल्ली पुलिस ने ED रिपोर्ट के आधार पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अन्य छह लोगों के खिलाफ नई FIR दर्ज की है। FIR में तीन कंपनियों का भी नाम शामिल है। पुलिस जल्द ही शेयरधारकों से पूछताछ कर सकती है।
New Delhi: नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गांधी और राहुल गांधी की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। दिल्ली पुलिस ने 3 अक्टूबर को दोनों के खिलाफ नई FIR दर्ज की है। इस FIR में छह अन्य लोगों और तीन कंपनियों के नाम शामिल हैं। यह कार्रवाई प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
ED रिपोर्ट के बाद दर्ज हुई नई FIR
नेशनल हेराल्ड केस की जांच पूरी करने के बाद ED ने अपनी रिपोर्ट दिल्ली पुलिस को सौंपी थी। इस रिपोर्ट की समीक्षा के बाद दिल्ली पुलिस ने 3 अक्टूबर को FIR दर्ज की। FIR के अनुसार, कांग्रेस के स्वामित्व वाली संस्था एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (AJL) का अधिग्रहण धोखाधड़ी से किया गया था। AJL की कुल संपत्ति लगभग 2000 करोड़ रुपये आंकी गई है। Young Indian के माध्यम से यह अधिग्रहण हुआ और इसमें गांधी परिवार की 76 फीसदी हिस्सेदारी बताई गई है।
FIR में सैम पित्रोदा समेत अन्य लोगों के नाम

नई FIR में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा समेत तीन अन्य लोगों के नाम भी दर्ज किए गए हैं। FIR में AJL, Young Indian और Dotex Merchandise Private Limited जैसी तीन कंपनियों का जिक्र है।
पुलिस के अनुसार ये तीनों कोलकाता आधारित फर्जी कंपनियां थीं। आरोप है कि Young Indian को इन कंपनियों ने 1 करोड़ रुपये दिए और 50 लाख रुपये में AJL का अधिग्रहण किया गया। पुलिस जल्द ही AJL के शेयरधारकों को पूछताछ के लिए बुला सकती है।
क्या है पूरा नेशनल हेराल्ड मामला
नेशनल हेराल्ड केस में 2008 से 2014 के बीच मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप लगाया गया था। 2014 में बीजेपी के तत्कालीन सांसद सुब्रमण्यम स्वामी की निजी शिकायत पर दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने मामले पर संज्ञान लिया था। इसके बाद 9 अप्रैल को गांधी परिवार और अन्य लोगों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। हालांकि कांग्रेस ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। कांग्रेस का कहना है कि FIR और ED की कार्रवाई केंद्र सरकार के दबाव में की जा रही है ।










