नई FIR पर कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि नेशनल हेराल्ड केस को राजनीतिक रूप दिया जा रहा है। उनका दावा है कि न धन का लेनदेन हुआ न संपत्ति ट्रांसफर, फिर भी विपक्ष को निशाना बनाने के लिए मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप लगाया गया है।
National Herald Case: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने नेशनल हेराल्ड मामले में दर्ज नई FIR को राजनीतिक उत्पीड़न बताया है। दिल्ली पुलिस की Economic Offences Wing द्वारा दर्ज की गई नई FIR के बाद सिंघवी ने कहा कि यह मामला अब सिर्फ कानूनी नहीं बल्कि विपक्ष को दबाने का प्रयास बन चुका है। उन्होंने दावा किया कि केस में न तो धन का लेनदेन हुआ और न ही किसी तरह की संपत्ति ट्रांसफर हुई, फिर भी इसे मनी लॉन्ड्रिंग का रूप देकर पेश किया जा रहा है।
नई FIR पर बढ़ता राजनीतिक विवाद
नई FIR दर्ज होने के बाद कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। यह FIR उस शिकायत से जुड़ी है जिसमें आरोप लगाया गया कि Associated Journals Limited यानी AJL और उससे जुड़ी कंपनियों में वित्तीय अनियमितताएं हुईं। कांग्रेस का आरोप है कि यह केस राजनीतिक दबाव बनाकर विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने का तरीका बन गया है। पार्टी का कहना है कि सरकार वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए पुराने मामलों को दोबारा उठाकर नया रंग दे रही है।
'ED सिर्फ विपक्ष का रंग देखती है' – सिंघवी का आरोप
![]()
प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए सिंघवी ने Enforcement Directorate यानी ED पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर न्याय अंधा है तो ED रंगहीन होनी चाहिए, लेकिन एजेंसी सिर्फ एक ही रंग देख रही है और वह है विपक्ष का रंग। सिंघवी का आरोप है कि ED की कार्रवाई निष्पक्ष नहीं दिखती और उसकी प्राथमिकता सिर्फ विपक्ष को घेरना है। उन्होंने कहा कि यह “नेशनल हेराल्ड नहीं बल्कि नेशनल हैरेसमेंट केस” बन चुका है।
न धन, न संपत्ति, न लेनदेन- फिर भी मनी लॉन्ड्रिंग
सिंघवी ने साफ कहा कि मामले में मनी लॉन्ड्रिंग का आधार ही नहीं है। उनका कहना है कि न कोई नकद लेनदेन हुआ, न कोई property transfer हुआ और न कोई misuse of fund हुआ। इसके बावजूद जांच एजेंसियां इसे मनी लॉन्ड्रिंग की तरह पेश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह भारतीय राजनीति में शायद पहला मामला है जिसमें बिना किसी धन हस्तांतरण के मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप लगाया गया है और यह सिर्फ प्रतिशोध की राजनीति से प्रेरित लगता है।
AJL और Young Indian को लेकर सिंघवी की सफाई
सिंघवी ने AJL के 90 करोड़ रुपये के कर्ज को equity में बदलने की प्रक्रिया को पूरी तरह वैध बताया। उन्होंने कहा कि Young Indian को न धन मिला और न कोई संपत्ति। यह सिर्फ एक कॉर्पोरेट प्रक्रिया थी, जिसे गलत तरीके से एक बड़े आपराधिक मुद्दे की तरह दिखाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि AJL एक पुराना संगठन है जो स्वतंत्रता आंदोलन के दौर से सक्रिय रहा और समय के साथ आर्थिक संकट में आ गया था। ऐसी स्थिति में कांग्रेस ने उसे कई चरणों में आर्थिक सहायता दी।
कांग्रेस का पलटवार
कांग्रेस ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि सरकार बेरोजगारी, अर्थव्यवस्था और foreign policy जैसे वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए ऐसे मामलों को तूल दे रही है। सिंघवी ने कहा कि अगर प्रतिशोध एक कोर्स होता तो भाजपा उसमें सम्मान के साथ पास होती। उनका कहना था कि निजी शिकायत से शुरू हुआ मामला अब राजनीतिक सर्कस बन गया है और इसका उद्देश्य सिर्फ कांग्रेस नेतृत्व पर दबाव बनाना है।











