निवेशकों के लिए बड़ा बदलाव: Zerodha ने ब्रोकरेज किया दोगुना, F&O ट्रेडर्स पर असर

Zerodha ने 1 अप्रैल 2026 से F&O ट्रेड्स पर ब्रोकरेज 20 से 40 रुपये किया। STT बढ़ोतरी से निवेशकों की लागत बढ़ेगी, रिटेल ट्रेडिंग पर असर पड़ सकता है।
निवेशकों के लिए बड़ा बदलाव: Zerodha ने ब्रोकरेज किया दोगुना, F&O ट्रेडर्स पर असर

Zerodha ने 1 अप्रैल से F&O ट्रेड्स पर ब्रोकरेज 40 रुपये प्रति ऑर्डर कर दिया है। साथ ही बढ़े हुए STT से ट्रेडिंग महंगी होगी। इससे रिटेल निवेशकों की भागीदारी घट सकती है और मार्केट वॉल्यूम प्रभावित होगा।

Zerodha hike: डिस्काउंट ब्रोकिंग फर्म Zerodha ने अपने यूजर्स के लिए बड़ा बदलाव किया है। कंपनी ने 1 अप्रैल 2026 से कुछ इंट्राडे डेरिवेटिव ट्रेड्स पर ब्रोकरेज फीस दोगुना कर 40 रुपये प्रति ऑर्डर करने का ऐलान किया है। पहले यह फीस केवल 20 रुपये थी। यह कदम Zerodha के लंबे समय से चले आ रहे लो-कॉस्ट प्राइसिंग मॉडल में बदलाव को दर्शाता है और निवेशकों के लिए ट्रेडिंग की लागत बढ़ा सकता है।

कोलेटरल नियम पर लागू होगी नई फीस

कंपनी ने अपने ग्राहकों को भेजे आंतरिक संदेश में बताया कि जिन ट्रेड्स में नियामकीय कोलेटरल (जमानत) की शर्तें पूरी नहीं होती हैं, उन पर 40 रुपये प्रति ऑर्डर की ब्रोकरेज फीस लागू होगी। इसका मतलब यह है कि जो ट्रेडर्स सेबी के 50 प्रतिशत कैश कोलेटरल नियम को पूरा नहीं करेंगे, उन्हें अधिक ब्रोकरेज देना होगा। पहले इस कमी को Zerodha खुद कवर करता था, लेकिन अब यह खर्च सीधे निवेशकों पर डाला जाएगा।

अन्य ब्रोकरेज हाउस भी बढ़ा सकते हैं फीस

यह कदम ऐसे समय पर लिया गया है जब डेरिवेटिव्स सेगमेंट में ट्रेडिंग वॉल्यूम धीमा पड़ रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि घटते वॉल्यूम और बढ़ती नियामकीय लागत के दबाव के चलते ब्रोकरेज हाउस अपने शुल्क बढ़ाने के कदम उठा सकते हैं। आने वाले महीनों में अन्य कंपनियां भी इसी तरह के शुल्क बढ़ाने जैसे फैसले ले सकती हैं, जिससे F&O ट्रेडिंग महंगी हो सकती है।

1 अप्रैल से F&O ट्रेड्स पर STT भी बढ़ेगा

Zerodha के ब्रोकरेज बढ़ाने के साथ ही डेरिवेटिव्स सेगमेंट के निवेशकों के लिए ट्रेडिंग लागत बढ़ने वाली है। यूनियन बजट 2026 में सरकार ने फ्यूचर्स और ऑप्शंस (F&O) पर सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) में वृद्धि की घोषणा की है, जो 1 अप्रैल से लागू होगी। फ्यूचर्स पर STT 0.02% से बढ़कर 0.05% और ऑप्शंस प्रीमियम पर 0.1% से बढ़ाकर 0.15% कर दिया गया है। इससे ट्रेडिंग पहले के मुकाबले महंगी हो जाएगी और खासकर रिटेल निवेशकों पर असर पड़ेगा।

F&O सेगमेंट में निवेशकों की भागीदारी प्रभावित हो सकती है

ज्यादा ब्रोकरेज और बढ़े हुए टैक्स का असर ट्रेडिंग वॉल्यूम पर पड़ सकता है। F&O सेगमेंट में ज्यादातर रिटेल निवेशक सक्रिय रहते हैं और लागत बढ़ने से कई निवेशक कम ट्रेड कर सकते हैं। इससे बाजार में एक्टिविटी घट सकती है और इंडेक्स वॉल्यूम पर असर देखने को मिल सकता है।

Zerodha का मार्केट शेयर और ग्राहक आधार

Zerodha भारत के सबसे बड़े ब्रोकर्स में से एक है। H1FY26 तक इसका मार्केट शेयर करीब 16 प्रतिशत है। अपने पीक पर FY23 में कंपनी का मार्केट शेयर 19.6 प्रतिशत तक पहुंचा था। कंपनी के कुल ग्राहकों की संख्या लगभग 1.6 करोड़ है, जिनमें से करीब 68.5 लाख एक्टिव क्लाइंट्स हैं। नितिन कामथ और निखिल कामथ के नेतृत्व में Zerodha ने अपने डिस्काउंट ब्रोकिंग मॉडल के जरिए इंडस्ट्री में बड़ी पहचान बनाई है।

Leave a comment