नियम उल्लंघन पर खत्म होगी जेल की सजा, दिल्ली कैबिनेट का बड़ा फैसला, जन विश्वास विधेयक को दी मंजूरी

नियम उल्लंघन पर खत्म होगी जेल की सजा, दिल्ली कैबिनेट का बड़ा फैसला, जन विश्वास विधेयक को दी मंजूरी

दिल्ली कैबिनेट ने जन विश्वास उपबंध संशोधन विधेयक–2026 को मंजूरी दी है। इसके तहत छोटे और तकनीकी अपराधों पर जेल की जगह जुर्माना लगेगा। इससे आम जनता, कारोबारियों और अदालतों को बड़ी राहत मिलेगी।

Delhi Cabinet: दिल्ली की प्रशासनिक व्यवस्था में एक अहम बदलाव की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब राजधानी में छोटे और तकनीकी अपराधों पर लोगों को जेल नहीं जाना पड़ेगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई दिल्ली कैबिनेट की बैठक में दिल्ली जन विश्वास उपबंध संशोधन विधेयक–2026 को मंजूरी दे दी गई है। इस फैसले को आम लोगों और कारोबारियों के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है।

यह बिल छोटे-मोटे नियम उल्लंघनों को आपराधिक अपराध की श्रेणी से बाहर निकालकर उन्हें सिविल पेनाल्टी यानी जुर्माने में बदलने का प्रावधान करता है। सरकार का कहना है कि इससे न सिर्फ लोगों को गैरजरूरी कानूनी झंझट से मुक्ति मिलेगी, बल्कि प्रशासन और अदालतों पर भी बोझ कम होगा।

क्या है दिल्ली जन विश्वास उपबंध संशोधन विधेयक–2026

दिल्ली जन विश्वास उपबंध संशोधन विधेयक–2026 का मकसद स्पष्ट है। ऐसे कानूनों में बदलाव करना, जिनमें मामूली नियम तोड़ने पर भी जेल या आपराधिक मुकदमे का खतरा बना रहता था। अब इन मामलों को सिविल नेचर का माना जाएगा और सजा की जगह आर्थिक जुर्माना लगाया जाएगा।

सरकार का मानना है कि अब तक कई ऐसे कानून थे, जिनका डर आम नागरिक और छोटे कारोबारी हमेशा महसूस करते थे। छोटी सी गलती भी उन्हें कोर्ट और पुलिस के चक्कर में डाल देती थी। नया बिल इसी मानसिकता को बदलने की कोशिश है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का साफ संदेश

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस फैसले को दिल्ली के लिए सुधारवादी कदम बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सजा देना नहीं, बल्कि नियमों का पालन सुनिश्चित करना है। छोटे अपराधों पर जेल भेजना न तो व्यावहारिक है और न ही जरूरी।

सीएम ने यह भी साफ किया कि यह विधेयक दिल्ली विधानसभा के विंटर सेशन में पेश किया जाएगा, जिसकी शुरुआत 5 जनवरी से होनी है। विधानसभा से पास होने के बाद इसे लागू करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

बिजनेस और आम जनता को कैसे मिलेगा फायदा

दिल्ली सरकार के मुताबिक यह बिल Ease of Doing Business को बढ़ावा देगा। छोटे दुकानदार, होटल मालिक, सर्विस प्रोवाइडर और स्टार्टअप्स अक्सर छोटे नियम उल्लंघनों के चलते कानूनी मुश्किलों में फंस जाते थे।

अब मामूली चूक पर न तो एफआईआर दर्ज होगी और न ही जेल जाने का डर रहेगा। इससे कारोबारी अपने काम पर फोकस कर सकेंगे। वहीं आम नागरिकों के लिए भी प्रशासनिक प्रक्रिया आसान होगी। सरकार का मानना है कि डर के बजाय विश्वास का माहौल बनेगा। नियमों का पालन सजा के डर से नहीं, बल्कि समझ और सुविधा के आधार पर होगा।

किन कानूनों में होगा बदलाव

दिल्ली जन विश्वास उपबंध संशोधन विधेयक–2026 के दायरे में कई अहम कानूनों को शामिल किया गया है। इनमें ऐसे एक्ट हैं, जिनसे रोजमर्रा की जिंदगी और कारोबार सीधे तौर पर जुड़े हुए हैं।

इसमें दिल्ली इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट एक्ट शामिल है, जो उद्योगों से जुड़ा है। दिल्ली शॉप्स एंड एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत अब छोटे उल्लंघनों पर जेल की जगह जुर्माना लगेगा।

इसके अलावा ‘इनक्रेडिबल इंडिया’ बेड एंड ब्रेकफास्ट एक्ट, दिल्ली जल बोर्ड एक्ट, दिल्ली प्रोफेशनल कॉलेजेज एक्ट, डिप्लोमा लेवल टेक्निकल एजुकेशन एक्ट और दिल्ली एग्रीकल्चरल प्रोड्यूस मार्केटिंग एक्ट को भी इस बिल में शामिल किया गया है। इन सभी कानूनों के तहत अब मामूली नियम तोड़ने पर आपराधिक कार्रवाई नहीं होगी। सिर्फ आर्थिक पेनाल्टी का प्रावधान रहेगा।

हर तीन साल में बढ़ेगा जुर्माना

इस बिल का एक अहम प्रावधान जुर्माने की राशि से जुड़ा है। सरकार ने प्रस्ताव रखा है कि कानून लागू होने के बाद जुर्माने की रकम में हर तीन साल में 10 फीसदी की बढ़ोतरी अपने आप हो जाएगी।

सरकार का तर्क है कि महंगाई के साथ जुर्माने की राशि को भी प्रभावी बनाए रखना जरूरी है। अगर जुर्माना बहुत कम रहेगा, तो नियमों का पालन सुनिश्चित करना मुश्किल होगा। हालांकि सरकार ने यह भी साफ किया है कि जुर्माने का उद्देश्य लोगों को डराना नहीं, बल्कि जिम्मेदारी तय करना है।

कोर्ट और प्रशासन को भी मिलेगी राहत

दिल्ली में पहले से ही अदालतों पर मामलों का भारी बोझ है। छोटी-छोटी बातों पर दर्ज होने वाले केस कोर्ट सिस्टम को और धीमा कर देते थे।

नए बिल के लागू होने से ऐसे मामलों की संख्या में बड़ी कमी आने की उम्मीद है। जब छोटे अपराध सिविल पेनाल्टी में बदल जाएंगे, तो न पुलिस को केस दर्ज करना पड़ेगा और न ही अदालतों में लंबी सुनवाई होगी।

केंद्र सरकार की नीति से मेल

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि यह बिल केंद्र सरकार के जन विश्वास संशोधन अधिनियम की तर्ज पर तैयार किया गया है। केंद्र सरकार पहले ही कई केंद्रीय कानूनों में छोटे अपराधों को अपराध की श्रेणी से बाहर कर चुकी है।

दिल्ली सरकार ने उसी सोच को राजधानी में लागू करने का फैसला किया है। सरकार का कहना है कि दिल्ली जैसे बड़े शहर में सरल और भरोसेमंद प्रशासनिक व्यवस्था बेहद जरूरी है।

ईज ऑफ लिविंग की दिशा में कदम

सरकार इस बिल को Ease of Living यानी जीवन को आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम मान रही है। आम आदमी को हर छोटी बात पर कानूनी डर में जीना न पड़े, यही इस फैसले का मूल उद्देश्य है। छोटे नियम उल्लंघन अब जिंदगी पर बोझ नहीं बनेंगे। लोग नियम समझेंगे, गलती सुधारेंगे और आगे बढ़ेंगे।

Leave a comment